रकम दोगुना और लोन दिलाने का झांसे देकर 10 लाख की धोखाधड़ी करने वाली महिला लक्ष्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे
Police arrested Lakshmi, a woman who defrauded people of Rs 10 lakh by promising to double their money and get them a loan, and sent her behind bars.
दुर्ग : दुर्ग के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में रकम दोगुना करने और लोन दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला ने अलग-अलग लोगों को लालच देकर 10 लाख रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी की थी. पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया है और मामले की जांच जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक 5 अप्रैल को पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में दर्ज दो धोखाधड़ी के मामलों में कार्रवाई की गई. जांच के दौरान रायपुर नाका निवासी लक्ष्मी टांडी को गिरफ्तार किया गया. आरोपी महिला लोगों को कम समय में रकम दोगुना करने और आसान तरीके से लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठती थी.
6 महीने में रकम दोगुना करने का दिया था झांसा
पहले मामले में सारपल्ली भास्कर नाम के व्यक्ति को 6 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया. आरोपी ने उनसे करीब 3 लाख रुपए नगद लिए और 7 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए. पैसे लेने के बाद महिला ने रकम वापस नहीं की और संपर्क करना भी बंद कर दिया.
लोन दिलाने के नाम पर भी ऐंठे पैसे
दूसरे मामले में कविता श्रीवास्तव को लोन दिलाने का झांसा दिया गया. आरोपी ने लोन पास कराने के नाम पर 10 हजार रुपए ऑनलाइन और 50 हजार रुपए नगद ले लिए. इसके बाद न तो लोन दिलाया और न ही पैसे लौटाए.
ठगी का एहसास होने पर दोनों पीड़ितों ने पद्मनाभपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान आरोपी महिला को पकड़ लिया गया. पूछताछ में ठगी से जुड़े कई लेनदेन और बैंक खातों की जानकारी सामने आई है. जिनकी जांच की जा रही है.
दो साल पहले भी दर्ज हो चुका है धोखाधड़ी का मामला
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी सुपेला थाना में साल 2024 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हो चुका है. इसके बावजूद वह लोगों को लालच देकर ठगी कर रही थी. उस समय भी महिला के उपर पुलिस ने कार्रवाई की थी. लेकिन इसके बाद भी ठगी का यह सिलसिला जारी रहा. अब पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



