अधूरे मकान, झूठी तस्वीरों के खिलाफ सख्त एक्शन, अपूर्ण आवासों को पूर्ण दर्शाने वाले आवास मित्र एवं रोजगार सहायकों की सेवा खत्म

Strict action against incomplete houses and false photographs. Services of housing friends and employment assistants who show incomplete houses as complete will be terminated.

अधूरे मकान, झूठी तस्वीरों के खिलाफ सख्त एक्शन, अपूर्ण आवासों को पूर्ण दर्शाने वाले आवास मित्र एवं रोजगार सहायकों की सेवा खत्म

गरियाबंद : गरियाबंद जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की गई है. अपूर्ण आवासों को पूर्ण दर्शाने वाले आवास मित्र एवं रोजगार सहायकों की सेवा खत्म कर दी गई है. जिला पंचायत के जिला समन्वयक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण ने बताया कि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गरियाबंद के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत निर्मित आवासों का निरीक्षण करने के लिए जिला स्तरीय टीम को विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कराया गया.
यह टीम ग्राम पंचायत खजूरपदर, उसरीजोर, सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी, मुचबहाल और धोबनमाल पहुंची, जहां निर्मित आवासों की वास्तविक स्थिति की जांच की गई. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ हितग्राहियों के आवास अभी भी अपूर्ण अवस्था में हैं. लेकिन आवास मित्र एवं रोजगार सहायक द्वारा अन्य व्यक्तियों के आवास का जियोटैग कर उन्हें पूर्ण दर्शा दिया गया था.
इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर, जिला गरियाबंद तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गरियाबंद ने तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई शुरु की. प्रारंभिक जांच के आधार पर ग्राम पंचायत सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी तथा मुचबहाल के आवास मित्रों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया.
इसी तरह ग्राम पंचायत धोबनमाल के रोजगार सहायक को भी नोटिस जारी किया गया। प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने के कारण संबंधित आवास मित्रों तथा रोजगार सहायक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से खत्म कर दी गईं.
योजनांतर्गत आवासों के निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग में लापरवाही पाए जाने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मैनपुर; विकासखण्ड समन्वयक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, तकनीकी सहायक (मनरेगा); तथा ग्राम पंचायत सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी, मुचबहाल एवं धोबनमाल के सरपंच/सचिव को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं
इसके अलावा तकनीकी सहायक प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण को बिना परीक्षण किए जियोटैगिंग का सत्यापन करने पर नोटिस जारी किया गया है. प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पात्र हितग्राहियों को वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने के लिए निगरानी और सख्त की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t