रोजाना 1% ब्याज का लालच देकर 6 करोड़ की ठगी, कृषि निवेश और शेयर मार्केट के नाम पर फर्जी कंपनी चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Two accused arrested for duping a person of Rs 6 crore by luring him with 1% daily interest; running a fake company in the name of agricultural investment and share market

रोजाना 1% ब्याज का लालच देकर 6 करोड़ की ठगी, कृषि निवेश और शेयर मार्केट के नाम पर फर्जी कंपनी चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के गृह जिला जशपुर के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे ठग गिरोह का खुलासा किया. जिसने फर्जी कंपनी बनाकर ग्रामीणों से करीब 6 करोड़ रुपये की ठगी कर ली थी. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. गिरोह ग्रामीणों को निवेश के नाम पर झांसा देकर रकम हड़प रहा था.
मिली जानकारी के मुताबिक मदनपुर इंजिको निवासी जागेश्वर लाल यादव ने 17 अक्टूबर 2025 को पत्थलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. वर्ष 2023 में वह और उसके साथी डॉ. पीताम्बर साय निराला, सुकुंद चौहान और राजेंद्र भगत पत्थलगांव के एक होटल “मान्या” में संतोष कुमार साहू नामक व्यक्ति से मिले.
साहू ने खुद को सी बुल्स ग्लोबल सॉल्यूशन कंपनी का प्रतिनिधि बताया और ग्रामीणों को निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया. शुरु में कुछ महीनों तक ब्याज देकर निवेशकों का विश्वास जीता गया. लेकिन बाद में रकम आना बंद हो गई.
जब निवेशकों ने कंपनी से संपर्क किया. तो उन्हें एम.डी. मोहम्मद सिराज आलम से मिलवाया गया. जिसने “कंपनी सेबी में रजिस्टर्ड है और 12 साल से ट्रेडिंग कर रही है” जैसे झूठे दावे किए. ठगों ने यह कहकर निवेश बढ़वाया कि निवेश पर रोजाना 1% का फायदा मिलेगा और 10 महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कोरबा, चांपा, अंबिकापुर, घरघोड़ा और बिलासपुर जैसे शहरों में भी लोगों को ठगा.
जागेश्वर लाल यादव से ₹1.80 करोड़
लक्ष्मण केशवानी से ₹95 लाख
कमलेश यादव से ₹10 लाख
भूषण पटेल से ₹33 लाख
डॉ. पीताम्बर साय निराला से ₹25 लाख
राजेश देवांगन से ₹15 लाख
इस तरह कुल 6 करोड़ रुपये की ठगी की गई.
जब निवेशकों ने रकम मांगी, तो ठगों ने हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड बनाने का बहाना किया और ओडिशा के सुंदरगढ़ में बैठक बुलाई. वहां निवेशकों से आधार, पैन और हस्ताक्षर लेकर, उन्हें फर्जी कंपनी सी बुल्स सहयोग निधि रियल एस्टेट एंड फाइनेंस लिमिटेड का डायरेक्टर बना दिया. इसके बाद वेबसाइट बंद कर दी गई और सभी संपर्क तोड़ दिए गए.
इस मामले में धारा 420, 120(B), 34 आईपीसी के तहत जुर्म दर्ज किया गया. पुलिस ने जांजगीर और शक्ति जिले से दो संदिग्धों हरिशरण देवांगन उम्र 52 साल निवासी जैजैपुर, जिला शक्ति और संतोष कुमार साहू उम्र 46 साल निवासी मुदुपर, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल किया. पुलिस ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t