बाप की डांट नहीं सह सका बेटा, शराब के नशे में बेटे ने पिता को डंडे-मुक्के पीटा, नहीं कराया इलाज, 30 घंटे बाद निकली जान, डांट का बदला मर्डर
Unable to bear his father's scolding, the son, under the influence of alcohol, beat his father with a stick and punched him, did not provide him with medical treatment, and died 30 hours later, in a murder in retaliation for the scolding.
बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां कुसमी थाना क्षेत्र के रेहड़ा गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा शराब के नशे में धुत था और मामूली विवाद के बाद उसने लाठी-डंडे और लात-घूंसों से अपने पिता को इतना पीटा कि उनकी मौत हो गई. यह पूरा मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम रेहड़ा निवासी पतेश्वर उर्फ पातू नगेशिया उम्र 45 साल खेती-किसानी और राजमिस्त्री का काम करते था. इसका इकलौता बेटा राकेश नगेशिया उम्र 22 साल शराब पीने का आदी है. वह घर के काम में कोई मदद नहीं करता था. जिससे पिता नाराज रहता था.
बुधवार रात राकेश दोस्तों के साथ पिकनिक मनाकर शराब के नशे में घर पहुंचा. पिता पतेश्वर ने उसे शराब पीकर घूमने और जिम्मेदारी न समझने पर फटकारा. जिससे दोनों में विवाद शुरु हो गया.
विवाद बढ़ने पर गुस्से में आरोपी राकेश नगेशिया ने पिता पतेश्वर नगेशिया की लात-मुक्के और डंडे से बेदम पिटाई कर दी. बीच-बचाव करने आई पतेश्वर की पत्नी को भी चोटें आईं. मारपीट में पतेश्वर को गंभीर अंदरुनी चोटें आईं. त्योहारी सीजन और साधन के कमी की वजह से परिजन उसका इलाज नहीं करा पाए. 30 घंटे बाद शुक्रवार की तड़के 3:30 बजे पतेश्वर की तबियत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई.
मृतक के चाचा घसिया नगेशिया की खबर पर शुक्रवार को कुसमी थाना प्रभारी विरासत कुजूर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलवाकर बारीकी से जांच कराई गई और सैंपल लिए गए. पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले में आरोपी पुत्र राकेश नगेशिया के खिलाफ हत्या का जुर्म दर्ज कर लिया.
पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि हत्या के पीछे असल वजह क्या थी.
कुसमी थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह साफ़ हुआ है कि आरोपी युवक नशे में था और गुस्से में उसने अपने पिता की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.
रेहड़ा गांव में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी युवक पिछले कुछ महीनों से शराब के नशे में अक्सर घर में झगड़ा करता था. कई बार गांव वालों ने भी उसे समझाने की कोशिश की. लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



