'तुम मुझे जानते नहीं हो...' कहकर रायपुर में दबंगई, समझाने पर टीआई से मारपीट, कंधा हुआ डिस्लोकेट, आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचा सलाखों के पीछे

"You don't know me..." blatant bullying in Raipur; TI assaulted for explaining, shoulder dislocated; accused arrested and behind bars

'तुम मुझे जानते नहीं हो...' कहकर रायपुर में दबंगई, समझाने पर टीआई से मारपीट, कंधा हुआ डिस्लोकेट, आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचा सलाखों के पीछे

रायपुर : राजधानी रायपुर के नमस्ते चौक पर शुक्रवार रात एक नशे में धुत युवक ने पुलिस चेकिंग के दौरान जमकर उत्पात मचाया और थाना प्रभारी से मारपीट कर दी. इस वारदात में थाना प्रभारी को गंभीर चोट आई. जिससे उनके दाहिने कंधे का डिस्लोकेशन हो गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक 14 मार्च की रात करीब 12:25 बजे, गंज थाना प्रभारी सुनील दास हमराह स्टाफ आरक्षक जितेश मांझी और सौरभ यादव के साथ शहर में गश्त और ट्रैफिक व्यवस्था देखने निकले थे. इसी दौरान नमस्ते चौक पर भारी ट्रैफिक जाम और भीड़ होने की खबर मिली.
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, उन्होंने देखा कि एक युवक अपनी कार को गलत तरीके से मोड़कर सड़क के बीच खड़ा कर रहा था. जिससे आवागमन बाधित हो गया था और लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी. पुलिस ने चालक को वाहन हटाने की समझाइश दी. लेकिन वह भड़क गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा. उसने पुलिस से कहा कि "तुम लोग मुझे जानते नहीं हो, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते." पुलिस ने युवक को समझाने का कई बार प्रयास किया. लेकिन वह लगातार सड़क जाम किए रहा और शासकीय काम में बाधा डालने लगा. इसी दौरान आरोपी हंसु कुमार चंद्रवंशी ने झूमाझटकी करते हुए थाना प्रभारी सुनील दास के दाहिने हाथ को पकड़कर जोर से मरोड़ दिया. जिससे उनका कंधा गंभीर रूप से घायल हो गया.
मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और आरोपी को काबू में लिया. पुलिस को आरोपी के शराब के नशे में होने का शक हुआ. जिसके बाद उसे मेडिकल चेकअप के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया. घायल थाना प्रभारी का इलाज एम्स अस्पताल में कराया गया. जहां डाक्टरों ने उनके कंधे के डिस्लोकेट होने की पुष्टि की.
इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी हंसु कुमार चंद्रवंशी उम्र 23 साल निवासी बोरतरा खुर्द, जिला कबीरधाम के खिलाफ मोटरयान अधिनियम सहित शासकीय काम में बाधा डालने की धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए पेश किया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB