कालाबाजारी का भंडाफोड़, छापेमारी में 86 अवैध गैस सिलेंडर जब्त, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे

Black marketing racket busted, 86 illegal gas cylinders seized in raid, police arrested two accused and sent them behind bars.

कालाबाजारी का भंडाफोड़, छापेमारी में 86 अवैध गैस सिलेंडर जब्त, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे

बिलासपुर : तोरवा पुलिस ने बुधवार को हेमुनगर क्षेत्र में अवैध गैस सिलेंडर बिक्री के धंधे का बड़ा खुलासा किया है. लंबे समय से घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों के बाद पुलिस ने छापेमारी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और कुल 86 सिलेंडर जब्त किए हैं. इनमें 43 भरे और 43 खाली सिलेंडर शामिल हैं. जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 23 हजार रुपये आंकी गई है.
तोरवा थाना प्रभारी को खबर मिली कि हेमुनगर निवासी अजय मेघानी घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध तरीके से ज्यादा रकम लेकर ब्लैक मार्केट में बेच रहा है. इस पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झुलेलाल चौक के पास स्थित एक मकान में छापा मारा. मकान के भीतर बड़ी तादाद में सिलेंडरों का अवैध भंडारण देखकर पुलिस भी चौंक गई. मौके पर दो लोग मिले जिन्होंने अपना नाम अजय मेघानी उम्र 35 साल और सुनील कुमार थावरानी उम्र 49 साल बताया. पुलिस ने जब उनसे सिलेंडरों से संबंधित लाइसेंस या कोई वैध दस्तावेज मांगे. तो वे कोई भी कागज पेश नहीं कर सके.
पुलिस ने जांच के दौरान इंडेन, भारत गैस, HP और कमर्शियल कैटेगरी के सिलेंडरों को सीज कर लिया. बरामद सिलेंडरों का विवरण इस तरह है.
इंडेन घरेलू सिलेंडर – 9 भरे
भारत गैस सिलेंडर – 29 भरे, 25 खाली
कमर्शियल सिलेंडर – 5 भरे, 3 खाली
HP गैस घरेलू सिलेंडर – 15 खाली
इतनी बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडरों का घर में अवैध भंडारण न सिर्फ कानून का उल्लंघन है. बल्कि यह सुरक्षा के नजरिए से भी बेहद खतरनाक है. पुलिस ने कहा कि किसी भी समय यहां ब्लास्ट या आगजनी जैसी गंभीर दुर्घटना हो सकती थी.
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी घरेलू गैस को ज्यादा दाम पर बेचकर अवैध लाभ कमा रहे थे. घरेलू गैस सिलेंडरों को कम कीमत पर लेकर ये लोग ब्लैक मार्केट में दोगुने दाम पर सप्लाई करते थे. इसी आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 530/2025 दर्ज करते हुए आरोपियों पर धारा 3 और 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम (E.C. Act) के तहत केस दर्ज किया है. दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया.
तोरवा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध गैस व्यापार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. थाना प्रभारी ने बताया कि शहर में अवैध गैस सिलेंडर बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा. ताकि लोगों को आवश्यक वस्तुएं उचित दाम पर उपलब्ध हो सकें और किसी तरह की जोखिमपूर्ण गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t