पुल से बही कार, 24 घंटे बाद भी पति-पत्नी का नहीं मिला सुराग, इधर तेज बहाव में बहा पिकनिक मनाने पहुंचा दुर्ग का युवक, SDRF-DRRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
Car swept off bridge; no trace of the couple found even after 24 hours. Meanwhile, a youth from Durg was swept away by strong currents while out for a picnic; SDRF and DRRF launched a rescue operation.
पुल से बही कार: 24 घंटे बाद भी पति-पत्नी का नहीं मिला सुराग
सारंगढ़ : सारंगढ़ जिले में दो दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है. जिससे नदी-नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं. माधोपाली पुल के पास तेज बारिश के बीच एक कार पानी में बह गई. कार में सवार पति-पत्नी की तलाश में रेस्क्यू टीम लगातार जुटी है. लेकिन एक दिन बाद भी कोई सफलता नहीं मिली है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार शाम करीब 5 बजे माधोपाली पुल के पास तेज बहाव में कार समेत पति-पत्नी दोनों बह गए. कार सवार दंपत्ति ग्राम बड़े घोठला के रहने वाले बताए गए हैं. पति का नाम देवनारायण पटेल है. घटना के बाद से रेस्क्यू टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी है. अभी तक न तो कार मिली है और न ही दंपत्ति का कोई सुराग मिला है.
सोमवार को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा ने खुद घटनास्थल का दौरा किया. दोनों अधिकारियों ने SDRF टीम और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए.
घटना के समय मौजूद लोगों पर उठे सवाल
हादसे के समय पुल के पास 6-7 लोग मौजूद थे. आरोप है कि लोगों ने मदद करने की बजाय मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया. कहा जा रहा है कि अगर उस वक्त फौरन मदद मिलती. तो शायद दोनों को बचाया जा सकता था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?
तेज बहाव में बहा दुर्ग का युवक, SDRF-DRRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मशहूर पर्यटन स्थल दमाऊधारा में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. यहां पिकनिक मनाने पहुंचे दुर्ग के एक युवक की झरने में नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह जाने की घटना से हड़कंप मच गया. युवक को बचाने के लिए साथियों ने काफी प्रयास किया. लेकिन तेज धार की वजह से वह कुछ ही समय में लापता हो गया. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद SDRF और DDRF की टीम ने देर शाम तक युवक की तलाश की. लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी.
मिली जानकारी के मुताबिक दुर्ग जिले से कुछ युवक मंगलवार को सक्ती जिले के दमाऊधारा पर्यटन स्थल पर घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे. सभी युवक झरने के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे. इसी दौरान कुछ युवक पानी में उतरकर नहाने लगे. इसी बीच प्रतीक कंवर नामक युवक भी झरने के पानी में उतर गया. नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया. देखते ही देखते वह बहते पानी के साथ आगे की ओर चला गया. हादसा इतना अचानक हुआ कि उसके साथ मौजूद दोस्त कुछ समझ पाते. उससे पहले ही युवक उनकी नजरों से ओझल हो गया. साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया. लेकिन पानी की तेज धार और गहराई की वजह से वे कामयाब नहीं हो सके.
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. युवकों ने इसकी खबर स्थानीय लोगों और पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. इसके बाद लापता युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव दल को बुलाया गया. SDRF और DDRF की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. बचाव दल ने झरने के आसपास के क्षेत्र, पानी के बहाव वाले हिस्सों और संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की. टीम ने कई घंटों तक अभियान चलाया. लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया.
अंधेरा होने और रेस्क्यू में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए शाम को अभियान रोकना पड़ा. प्रशासन ने बताया कि बुधवार सुबह दोबारा बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा. बचाव दल द्वारा आधुनिक उपकरणों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश जारी रखी जाएगी.
दमाऊधारा क्षेत्र में बारिश के मौसम में पानी का बहाव काफी तेज हो जाता है. ऐसे में पर्यटकों को झरने और जलप्रपात के गहरे हिस्सों में जाने से बचने की सलाह दी जाती है. प्रशासन समय-समय पर पर्यटकों को सावधानी बरतने की अपील करता है. लेकिन कई बार लोग रोमांच के चलते जोखिम उठा लेते हैं. जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं. घटना के बाद युवक के परिवार और दोस्तों में चिंता का माहौल है. परिजन युवक की सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद लगाए बैठे हैं. प्रशासन और बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं ताकि युवक का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



