AI से हसीन लड़कियों की फोटो दिखाकर फ्रॉड, पसंद आने पर 2000 की फीस वसूली, फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालक परमानंद गिरफ्तार, 1.64 लाख जप्त
Fraudster running a fake marriage bureau arrested: He used AI-generated photos of beautiful women to lure victims, charging a ₹2,000 fee if a 'match' was liked; ₹1.64 lakh seized.
दुर्ग : शादी का झांसा देकर AI की मदद से फर्जी युवतियों की फोटो दिखाकर ठगी करने का चौकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है. आरोपी 7-7 हजार की सैलरी पर लड़कियां रख फर्जी मैरिज ब्यूरो का संचालन कर रहा था. हर दिन 30 से 50 कॉल कर शादी के इच्छुक लोगों को अपना शिकार बनाता था.
मिली जानकारी मुताबिक 29 अक्टूबर 2026 को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि उत्तर गंगोत्री भवन में यूनियन बैंक के पास स्थित एक परिसर के हॉल में एलिट मैच मैट्रिमोनी के नाम से फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालित किया जा रहा है. यहां कॉल सेंटर के माध्यम से फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का उपयोग कर लोगों से साइबर धोखाधड़ी की जा रही है.
इस खबर की गंभीरता को देखते हुए थाना सुपेला पुलिस टीम द्वारा गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी गई. मौके पर मैरिज ब्यूरो का संचालक परमानंद यादव व चार युवतियां मिली. परिसर की तलाशी लेने पर कंप्यूटर, इंटरनेट वाई-फाई, कई कीपैड व एंड्रॉयड मोबाइल फोन, सिम कार्ड, बैंक खातों की चेकबुक, QR कोड, मैरिज ब्यूरो के प्रचार संबंधी फ्लेक्स और ग्राहकों के मोबाइल नंबर, रजिस्टर बरामद हुए.
7,000 प्रतिमाह वेतन में काम
युवतियों से पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें अच्छी कंपनी में नौकरी देने का झांसा देकर बुलाया गया था और 7,000 हर महिना वेतन देने का आश्वासन देकर दो दिन की ट्रेनिंग दिया गया था. उन्हें मैरिज काउंसलर के रूप में ग्राहकों से बातचीत करने और QR कोड के जरिए भुगतान करने का काम सौंपा गया था.
AI से लड़कियों की फर्जी फोटो
मुख्य आरोपी परमानंद यादव से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह फ्यूचर पार्टनर, कल्याण मैट्रिमोनी व एलिट मैच मैट्रिमोनी के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर AI के जरिए तैयार काल्पनिक लड़कियों की तस्वीरें और फर्जी मोबाइल नंबरों का उपयोग कर शादी के बारे प्रचार करता था. दुसरे राज्यों के शादी के इच्छुक लोगों से संपर्क कर फोन पर बातचीत करते थे और अपना बायोडाटा भेजते थे.
ऐसे करता था ठगी
इसके बाद आरोपी द्वारा संबंधित लोगों को उनकी पसंद की लड़की से शादी कराने का झांसा देता था. फिर मैरिज काउंसलर के नाम से बनाए गए बैंक खातों के QR कोड के जरिए फीस के तौर पर 2,000 व अन्य राशि जमा कराई जाती थी. रकम मिलने के बाद संबंधित लोगों के मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर उनसे संपर्क बंद कर दिया जाता था.
हर दिन 50 कॉल
शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पिछले करीब तीन महीने से इस गतिविधि को संचालित कर रहा था. रोजाना करीब 20 से 50 कॉल किए और इनकमिंग कॉल लिए जाते थे. कई बैंक खातों की जांच करने पर भारत सरकार द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल पर संबंधित खातों के खिलाफ शिकायतें दर्ज होना भी पाया गया.
जब्त सामग्री, दस्तावेजों व प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर फर्जी मैरिज ब्यूरो की आड़ में सुनियोजित तरीके से विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ साइबर धोखाधड़ी की जा रही थी. थाना सुपेला में धारा 317(2), 319(2) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर आरोपी परमानंद यादव को गिरफ्तार किया गया. आरोपी को अदालत के सामने पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया.
जब्त सामग्री
1. कई बैंकों की पासबुक एवं चेकबुक: बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, फेडरल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और IDBI बैंक सहित कई बैंक खातों की चेकबुक एवं एक पासबुक
2. नगद राशि: 1,64,000
3. सिम कार्ड: एयरटेल एवं वीआई कंपनी के कुल 16 नग सिम कार्ड, अनुमानित कीमत 1,600
4. मोबाइल फोन: कुल 22 नग कीपैड मोबाइल और 4 नग एंड्रॉयड मोबाइल, एक नीले रंग का मोटोरोला मोबाइल, एक वनप्लस मोबाइल और एक आईफोन, जिसमें एयरटेल का सिम लगा हुआ था. सभी मोबाइल की अनुमानित कीमत 78,000
5. अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री: 01 सेट कंप्यूटर एवं एयरटेल कंपनी का इंटरनेट वाई-फाई, अनुमानित कीमत 40,000
गिरफ्तार आरोपी
परमानंद यादव उम्र 24 साल निवासी ग्राम ओटेबंद, थाना नंदनी, अहिवारा, जिला दुर्ग। वर्तमान पता नेहरू नगर ईस्ट
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



