प्रारंभिक शिक्षा से महिला सशक्तिकरण तक: गरियाबंद में ‘अंजोर’ महिला फेलोशिप का शुभारंभ. प्रारंभिक शिक्षा बच्चे के भविष्य की मजबूत नींव -शिवेश शुक्ला

From Early Education to Women's Empowerment: Launch of the ‘Anjor’ Women’s Fellowship in Gariaband. Early education forms a strong foundation for a child's future – Shivesh Shukla.

प्रारंभिक शिक्षा से महिला सशक्तिकरण तक: गरियाबंद में ‘अंजोर’ महिला फेलोशिप का शुभारंभ. प्रारंभिक शिक्षा बच्चे के भविष्य की मजबूत नींव -शिवेश शुक्ला

गरियाबंद : समग्र शिक्षा के सहयोग से गरियाबंद विकासखंड में आह्वान ट्रस्ट द्वारा संचालित “Anjor – प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा (ECE) महिला फेलोशिप कार्यक्रम” के अंतर्गत चयनित 15 महिला फेलो का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा तथा विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर जुड़ाव को बढ़ावा देना है.
प्रशिक्षण के दौरान महिला फेलो को बालवाड़ी एवं प्रारंभिक कक्षाओं में खेल एवं गतिविधि आधारित शिक्षण, बच्चों के समग्र विकास, पालक संवाद, घर पर सीखने के अवसर, समुदाय की सहभागिता तथा विद्यालय-समुदाय समन्वय जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया. विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चा और अभ्यास के माध्यम से फेलो ने बच्चों के साथ सीखने को रोचक एवं आनंददायक बनाने के तरीकों को समझा.
प्रारंभिक शिक्षा बच्चे के भविष्य की मजबूत नींव – शिवेश शुक्ला
इस मौके पर जिला मिशन समन्वयक श्री शिवेश शुक्ला ने कहा कि बच्चे के जीवन के प्रारंभिक वर्ष उसके संपूर्ण विकास और आगे की सीखने की मजबूत नींव तैयार करते हैं. इसलिए प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में 3 से 8 वर्ष की आयु को फाउंडेशनल स्टेज के रूप में विशेष महत्व दिया गया है और खेल एवं गतिविधि आधारित सीखने के माध्यम से बच्चों के समग्र विकास पर जोर दिया गया है.
उन्होंने कहा कि बच्चे की शिक्षा सिर्फ विद्यालय तक सीमित नहीं है. पालक, परिवार और समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी बच्चे के सीखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. उन्होंने महिला फेलो से अपेक्षा की कि वे विद्यालय, बालवाड़ी, पालक और समुदाय के बीच मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेंगी.
महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा को नई दिशा – सेवी शर्मा
आह्वान ट्रस्ट की राज्य प्रमुख सुश्री सेवी शर्मा ने कहा कि “Anjor ECE Fellowship Program” का उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देना है. उन्होंने कहा कि महिला फेलो अपने क्षेत्र में बालिका शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, बालिकाओं की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने तथा विद्यालय और समुदाय के बीच मजबूत जुड़ाव स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देकर उन्हें बच्चों, परिवार, विद्यालय और समुदाय में सकारात्मक बदलाव की वाहक के रूप में तैयार किया जा रहा है. यह पहल शिक्षा के साथ-साथ महिलाओं की नेतृत्व क्षमता और सामाजिक भागीदारी को भी मजबूत करेगी.
प्रशिक्षण का संचालन आह्वान ट्रस्ट की टीम द्वारा किया गया, जिसमें समीर कसेर, अश्वनी, भुवेंद्र कुमार बघेल एवं अमित साहू सहित टीम के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही.
फेलोशिप के अंतर्गत चयनित 15 महिला फेलो आगामी छह महीनों में बालवाड़ी एवं विद्यालयों से जुड़कर प्रारंभिक शिक्षा, पालक सहभागिता, बालिका शिक्षा और समुदाय की भागीदारी को मजबूत करने में सहयोग करेंगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?