दो नाबालिग बच्चों को बेचने की साजिश का बड़ा खुलासा, छत्तीसगढ़ से यूपी ले गए दोनों अपहृत बच्चे सकुशल बरामद, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
Major plot to sell two minors exposed; both abducted children, taken from Chhattisgarh to UP, recovered safely; one person arrested, main accused absconding.
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर : छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले में जनकपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहृत दो मासूम बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है. दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर ले जाया गया. आरोप है कि बच्चों को बंधुआ मजदूरी के लिए बेचने की साजिश रची गई. मामले में पुलिस ने एक सह-आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है. जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है. पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है. यह मामला जनकपुर थाना क्षेत्र के कुन्दौर गांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 3 सितंबर को कुन्दौर निवासी दलबीर बैगा दो बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ लेकर चला गया था. बाद में बच्चों को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर ले जाने की जानकारी सामने आई. बच्चों के अचानक लापता होने से परिजन परेशान हो गए और उन्होंने मामले की रिपोर्ट जनकपुर थाने में दी.
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
परिजनों की शिकायत मिलने के बाद जनकपुर पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने बच्चों की तलाश के साथ-साथ संदिग्ध आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्चों को सुरक्षित वापस लाना थी. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने संभावित स्थानों और आरोपियों के संपर्कों के संबंध में जानकारी जुटाई. जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम सुराग मिले. इसके बाद पुलिस ने दबाव बढ़ाया और आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी. पुलिस की कार्रवाई का असर यह हुआ कि सह-आरोपी मनराज बैगा दोनों बच्चों को लेकर वापस छत्तीसगढ़ लौट आया.
चरखर के पास घेराबंदी कर आरोपी पकड़ा
मनराज बैगा के बच्चों को लेकर वापस लौटने की खबर मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी. इसके बाद छत्तीसगढ़ के चरखर के पास पुलिस ने घेराबंदी की. घेराबंदी के दौरान मनराज बैगा को पकड़ लिया गया. पुलिस ने उसके कब्जे से दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया. बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि बच्चों को उत्तर प्रदेश ले जाने की पूरी योजना क्या थी और इसमें अन्य लोगों की भूमिका थी या नहीं.
BNS की धाराओं में मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा
जनकपुर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी मनराज बैगा के खिलाफ नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत के सामने पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. बच्चों को उत्तर प्रदेश ले जाने और कथित तौर पर बंधुआ मजदूरी के लिए बेचने की साजिश के आरोपों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है.
मुख्य आरोपी दलबीर बैगा की तलाश जारी
मामले का मुख्य आरोपी दलबीर बैगा अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस के मुताबिक उसकी तलाश में अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस उसके संपर्क में रहे लोगों और संभावित ठिकानों की जानकारी भी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है. फिलहाल दोनों बच्चों को सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



