नुक्कड़ कैफे के पीछे मैदान में दोस्तों संग बैठे 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
A 10th-grade student sitting with friends in the field behind a street cafe was attacked with a knife; the accused is absconding; police are investigating and the search for the accused is ongoing.
रायपुर : रायपुर के माना थाना क्षेत्र में बीती रात छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटना सामने आई है. मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. यह मामला फिलहाल तेलीबांधा थाना में दर्ज किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक श्याम नगर तेलीबांधा निवासी 10वीं कक्षा के एक छात्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई है. छात्र ने बताया कि 28 फरवरी 2026 की शाम वह अपने दोस्तों तनिष्क शर्मा, प्रियांश दुबे, विवेक सिंह और यश तोलानी के साथ नुक्कड़ कैफे के पीछे स्थित एक खाली मैदान में बैठा था. सभी आपस में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान उसके एक दोस्त ने मोबाइल से अपनी लाइव लोकेशन शेयर की.
शिकायत के मुताबिक शाम करीब 6 बजे ओम चौधरी, हिमांशु यादव, प्रकाश साहू और उनके कुछ अन्य साथी वहां पहुंचे. बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरु हो गया. आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर हाथ, मुक्के व डंडों से मारपीट शुरु कर दी.
इसी बीच आरोपियों में से किसी एक ने चाकू निकालकर छात्र की कमर के ऊपर वार कर दिया. हमले में छात्र को गंभीर चोट आई, जबकि हाथ और पैर में भी चोटें आईं. मौके पर मौजूद उसके दोस्तों ने बीच-बचाव किया. जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए.
घायल छात्र ने पास के तेलीबांधा स्थित मेडलाईफ अस्पताल में इलाज कराया और उसके बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. अन्य संदिग्ध युवकों की पहचान की जा रही है और उनकी तलाश जारी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



