4 माह के बच्चे की हत्या, रोने पर गुस्से में महिला ने मासूम को जमीन पर पटककर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने आरोपी मां बृन्दावती को किया गिरफ्तार
A 4-month-old child was murdered when an angry woman threw the child to the ground and killed him. Police arrested the accused mother, Brindavati.
सूरजपुर : सूरजपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां ममता का रिश्ता शर्मसार हो गया. एक 4 माह के मासूम बच्चे की हत्या उसी की मां के हाथों होने का मामला सामने आया है. इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. और हर किसी के मन में एक ही सवाल उठ रहा है- क्या एक मां इतनी कठोर हो सकती है?
मिली जानकारी के मुताबिक 25 मार्च 2026 को जिला चिकित्सालय में पदस्थ सुरक्षा गार्ड चंदलाल ने पुलिस सहायता केंद्र में एक अस्पताली मेमो पेश किया. इसमें ग्राम जयपुर निवासी 4 महीने के मासूम हंसराज की संदिग्ध मौत की जानकारी दी. पुलिस ने फौरन शून्य में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और घटना स्थल सलका उमेश्वरपुर चौकी क्षेत्र का होने की वजह से मर्ग डायरी वहां अग्रिम जांच के लिए भेज दी गई.
इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिया. चौकी सलका उमेश्वरपुर पुलिस ने जांच के दौरान गवाहों के बयान, घटनास्थल के हालात और पीएम रिपोर्ट का सूक्ष्मता से अध्ययन किया.
जांच में जो सच्चाई सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली थी.घटना के दिन सुबह आरोपी मां बृन्दावती अपने घर के बाहर 4 माह के बेटे हंसराज को गोद में लेकर खड़ी थी. बच्चा लगातार रो रहा था. उसी दौरान उसका पति सूनसाय पास में खड़ा होकर बातचीत कर रहा था.
बताया गया कि बच्चे के लगातार रोने से नाराज होकर मां का गुस्सा इस कदर भड़क गया कि उसने मासूम को जानबूझकर जमीन पर जोर से पटक दिया. इसके बाद वह बच्चे को उठाकर पति को थमा दी. गंभीर रूप से घायल बच्चे को जिला चिकित्सालय ले जाया गया. लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने साफ किया कि बच्चे की मौत सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से हुई. जांच में यह भी पुष्टि हुई कि यह चोट जानबूझकर पटकने से आई थी.
पुलिस ने मामले में आरोपी मां बृन्दावती उम्र 23 साल के खिलाफ अपराध क्रमांक 39/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया. जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई. जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि बच्चे के लगातार रोने से वह अत्यधिक क्रोधित हो गई थी और उसी गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.
31 मार्च 2026 को पुलिस ने आरोपी मां को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है. इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी संजय सिंह सहित आरक्षक राकेश सिंह, पंकज राजवाड़े, मुरारी साहू, महिला सैनिक गुंजा मनिया एवं प्रीति की सक्रिय भूमिका रही.
यह घटना न सिर्फ एक जघन्य अपराध है. बल्कि समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी भी है. एक मासूम की जिंदगी यूं ही खत्म हो गई. और पीछे छोड़ गई कई अनुत्तरित सवाल- क्या गुस्से पर कंट्रोल इतना मुश्किल हो गया है? और क्या ममता जैसे पवित्र रिश्ते भी अब सुरक्षित नहीं रहे?
आरोपिया
बृन्दावती उम्र 23 साल पति सूनसाय सलका उमेश्वरपुर चौकी जिला सूरजपुर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



