बस ने बाइक को मारी टक्कर, मोटर साइकल फंसने के बाद लगी भीषण आग, 20 से ज्यादा लोगों की मौत!, यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

A bus collided with a motorcycle, causing a massive fire after the motorcycle became stuck, killing more than 20 people. Passenger safety concerns were raised.

बस ने बाइक को मारी टक्कर, मोटर साइकल फंसने के बाद लगी भीषण आग, 20 से ज्यादा लोगों की मौत!, यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

कुरनूल : दर्दनाक हादसे में शुक्रवार 24 अक्तूबर तड़के आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले के चिन्नेतेकूरु गांव के पास हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक निजी लक्ज़री बस में आग लग गई. इस हादसे में 25 से ज्यादा यात्रियों की जलकर मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. हालांकि आधिकारिक रुप में मृतकों के आंकड़े की पुष्टि नहीं की गई है. पूरे राज्य में शोक और चिंता का माहौल बन गया है.
वी. कावेरी ट्रैवल्स की स्लीपर कोच बस करीव 57 मुसाफिरों को लेकर जा रही थी. जब तड़के करीब 3.30 बजे सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से टकराने के बाद उसमें आग लग गई. हादसे में घायल कई लोगों को कुरनूल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई. यूएई दौरे पर गए हुए नायडू ने एक्स पर लिखा, ‘यह हादसा बेहद विनाशकारी है. सरकार घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देगी.’ उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को दुर्घटनास्थल पर जाकर राहत कार्यों की निगरानी करने और गंभीर रूप से झुलसे लोगों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया. सिद्धारमैया ने कहा, ‘हैदराबाद-बेंगलुरु मार्ग पर कुरनूल के पास हुए इस दर्दनाक बस हादसे से व्यथित और दुखी हूं. कई अनमोल जानें चली गईं और कई लोग घायल हुए हैं. शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
इस हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. फिलहाल पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. शुरुआती जांच में पता चला है कि बस ने एक बाइक को टक्कर मार दी थी. जिसके कारण बाइक बस के नीचे फंस गई और उसमें आग लग गई. यही आग बस में फैल गई और विस्फोट जैसा हादसा हुआ.
बस के अंदर मौजूद ज्वलनशील पदार्थों के कारण इतना भयानक हादसा हुआ और मौके पर कई लोगों की मौत हो गई.आग लगने के बाद बस का दरवाजा जाम हो गया, जिससे यात्री बाहर नहीं निकल पाए. 20 में से 11 शवों की पहचान हो गई है, जबकि 9 की पहचान अभी बाकी है.
वहीं, कुछ लोग इस दुर्घटना में जीवित भी बचे हैं. जिनकी पहचान रामी रेड्डी, वेणुगोपाल रेड्डी, सत्यनारायण, श्रीलक्ष्मी, नवीन कुमार, अखिल, जश्मिता, अकीरा, रमेश, जयसूर्या और सुब्रमण्यम के रूप में की गई है. वहीं, हिंदूपुर के नवीन ने अपनी कार से छह घायलों को कुरनूल अस्पताल पहुंचाया.
कुरनूल ज़िला प्रशासन ने मृतकों और यात्रियों के परिजनों के लिए कंट्रोल रुम स्थापित किए हैं. ज़िला कलेक्टर डॉ. ए. सीरी ने बताया कि परिवारजन निम्न नंबरों पर संपर्क कर जानकारी हासिल कर सकते हैं:
कलेक्टरेट कंट्रोल रुम: 08518-277305
सरकारी सामान्य अस्पताल: 9121101059
पुलिस कंट्रोल रुम: 9121101075
दुर्घटनास्थल पर कंट्रोल रुम: 9121101061
जीजीएच हेल्प डेस्क: 9494609814, 9052951010
तेलंगाना के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने निजी बस संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी बस ऑपरेटर ने खराब रखरखाव या खत्म हुए परमिट वाले वाहनों को चलाकर यात्रियों की जान खतरे में डाली, तब सरकार उनके ख़िलाफ़ हत्या के मुकदमे दर्ज करने से नहीं हिचकेगी.
उन्होंने कहा, ‘जो बसें सरकार द्वारा तय नियमों का पालन नहीं करतीं, उन्हें ज़ब्त कर लिया जाएगा. हमने परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी ‘अनफिट बस’ को तुरंत सीज़ किया जाए. नागरिकों की ज़िंदगी के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.’
27 साल के जयंत कुशवाहा इस हादसे में किसी तरह ज़िंदा बच गए. उन्होंने कहा कि  ‘अगर इमरजेंसी विंडो नहीं खुलती. तब मैं शायद ज़िंदा नहीं बच पाता. कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई थी.’ 
यह हादसा एक बार फिर निजी बस परिचालन की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की 2022 की रिपोर्ट के अनुसार, तेलंगाना उन शीर्ष 10 राज्यों में शामिल है जहां राष्ट्रीय राजमार्गों पर सबसे अधिक घातक सड़क दुर्घटनाएं (4.9%) दर्ज की गई हैं.
उल्लेखनीय है कि इस महीने की शुरुआत में राजस्थान में भी इसी तरह का एक भयावह हादसा हुआ था. उस समय जैसलमेर से जोधपुर जा रही एसी स्लीपर बस थैयात गांव के पास आग की चपेट में आ गई थी जिससे 20 लोगों की मौत हो गई थी और 16 अन्य घायल हुए थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t