अमरुद तोड़ने को लेकर विवाद, साले ने जीजा के सिर पर सिलबट्टा मारकर उतारा मौत के घाट, थाना जाकर किया सरेंडर, इलाके में फैली सनसनी
A dispute over plucking guavas erupted, in which the brother-in-law killed his brother-in-law by hitting him on the head with a grinding stone. He surrendered at the police station, causing a sensation in the area.
दुर्ग : दुर्ग शहर के बोरसी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात हो गई. मामूली बात पर जीजा और साले के बीच शुरु हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि साले ने अपने ही जीजा की हत्या मसाला पीसने वाले सिलबट्टा मारकर कर दी. हत्या के बाद आरोपी गोविंदराज भागने की बजाय खुद पद्मनाभपुर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया. कत्ल की इस वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक राजकुमार वर्मा एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करता था. शनिवार सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच राजकुमार अपने साले गोविंदराज के पंचशील सेक्टर स्थित घर अमरुद तोड़ने के लिए पहुंचा था. घर पहुंचने पर पत्नी ने उन्हें कहा कि वह खुद अमरुद तोड़कर ले आएगी. लेकिन राजकुमार नहीं माना और खुद अमरुद तोड़ने अंदर चला गया. इसी बात को लेकर गोविंदराज नाराज हो गया. दोनों के बीच कहासुनी शुरु हो गई. और देखते-देखते मामला हाथापाई में बदल गया.
झगड़े के दौरान मृतक के हाथ में मौजूद डंडा गोविंदराज ने छीनकर फेंक दिया और फिर घर के अंदर रखे सिलबट्टे से राजकुमार के सिर पर जोरदार वार कर दिया. सिर पर गंभीर चोट लगने से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई. कत्ल के बाद आरोपी गोविंदराज भागने की बजाय खुद पद्मनाभपुर थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
मृतक का भाई संजू वर्मा ने बताया कि राजकुमार और गोविंदराज के बीच जमीन बेचने के बाद पैसों के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. हम लोगों का मानना है कि इसी रंजिश ने आज एक निर्दोष की जान ले ली.
एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि अमरुद तोड़ने की बात को लेकर हुए विवाद में हत्या की घटना सामने आई है. आरोपी गोविंदराज को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की जांच जारी है. आपको बता दे कि पिछले 13 दिनों में दुर्ग जिले में यह 13वीं हत्या है. जिससे शहर में दहशत और चिंता का माहौल है.
घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है. पड़ोसी इस घटना पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि एक छोटा-सा झगड़ा किसी की जान ले सकता है. पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोनों परिवारों से पूछताछ की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



