तेज रफ्तार ब्रेजा कार के शराबी चालक ने पैदल यात्री और ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, एक की मौत, दुसरा घायल, आरोपी अमन गोयल गिरफ्तार
A drunk driver of a speeding Brezza car hits a pedestrian and an autorickshaw, killing one and injuring another. Accused Aman Goyal arrested.
जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शराब के नशे में वाहन चलाने का एक गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है. 4 जनवरी की रात करीब 8 बजे भाटापारा केरा रोड, कब्रिस्तान के सामने मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार में कार चला रहे एक शराबी चालक ने पहले पैदल यात्री और फिर एक ऑटो को टक्कर मार दी. हादसे में पैदल यात्री नारायण सोनवान की इलाज के दौरान मौत हो गई. जबकि ऑटो चालक गंभीर रुप से घायल हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक ब्रेजा कार नम्बर CG29F 3765 का चालक अमन गोयल उम्र 27 साल निवासी ओल्ड माइंस भटगांव, जिला सूरजपुर, शराब के नशे में नया बस स्टैंड जांजगीर से कचहरी चौक की तरफ़ तेज गति से वाहन चला रहा था. इसी दौरान उसने सड़क किनारे पैदल चल रहे नारायण सोनवान को टक्कर मार दी. कार के तेज रफ्तार में आगे बढ़ने की वजह से एक ऑटो भी इसकी चपेट में आ गया.
इस हादसे के फौरन बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान नारायण सोनवान की मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक की हालत नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों ने घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया.
पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी चालक को हिरासत में लिया. डॉक्टरी परीक्षण में आरोपी के ज्यादा शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. इस मामले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) के निर्देश पर थाना कोतवाली में आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल कार, वाहन में रखी शराब की बोतलें और अन्य सामग्री जब्त कर ली है. पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में वाहन चलाने की बात कबूल की और हादसे को जानबूझकर अंजाम देने की स्थिति को भी कबूल किया.
थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता और उनकी टीम ने मामले की गंभीरता को समझते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया और अदालत में पेश किया गया. अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



