छठ पर्व पर विवादित टिप्पणी, टिल्लू शर्मा की गिरफ्तारी के लिए एसपी को सौंपा ज्ञापन, जनआंदोलन की दी चेतावनी, 2500 रुपए पुरस्कार की घोषणा
A memorandum was submitted to the Superintendent of Police demanding the arrest of Tillu Sharma for his controversial remarks on the Chhath festival, warning of a public protest and announcing a reward of ₹2,500.
रायगढ़ : सनातन धर्म के पवित्र पर्व छठ महापर्व पर सोशल मीडिया में अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी टिल्लू शर्मा की गिरफ्तारी न होने से रायगढ़ में जनाक्रोश उबाल पर है. आरोपी टिल्लू शर्मा की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर अब सवाल उठने लगे हैं. समाज के लोगों का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर कार्रवाई में देरी कर रही है या आरोपी को किसी राजनीतिक संरक्षण का लाभ मिल रहा है.
13 नवंबर को सर्व समाज की ओर से रायगढ़ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया. जिसमें साफ कहा कि अगर 22 नवंबर 2025 तक आरोपी टिल्लू शर्मा की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाज शांत नहीं बैठेगा. इस दिन के बाद पूरे जिले में धरना, प्रदर्शन और आंदोलन शुरु किया जाएगा. जिसके सभी परिणामों की जिम्मेदारी रायगढ़ पुलिस प्रशासन की होगी.
समाज की तरफ से एक बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की गई कि जो भी व्यक्ति आरोपी टिल्लू शर्मा को पकड़वाकर पुलिस के हवाले करेगा. उसे ₹2500 का इनाम दिया जाएगा. समाज ने इसे एक प्रतीकात्मक चेतावनी बताया है कि अब सहनशीलता की सीमा खत्म हो चुकी है.
समाजजनों का कहना है कि 30 अक्टूबर को इस बारे में पहली शिकायत दी गई थी. इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की निष्क्रियता को दर्शाता है. लोग पूछ रहे हैं कि इतने दिनों में पुलिस ने आखिर कौन से ठोस कदम उठाए? क्या अब धार्मिक भावनाओं को आहत करने वालों को संरक्षण दिया जाएगा?
सर्व समाज ने कहा कि किसी भी धर्म, समाज या आस्था को नीचा दिखाने का प्रयास असहनीय है. पुलिस प्रशासन को ऐसे मामलों में तुरंत और कठोर कार्रवाई करनी चाहिए. ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. लेकिन टिल्लू शर्मा की गिरफ्तारी में हो रही देरी से यह संदेश जा रहा है कि पुलिस ऐसे मामलों में गंभीर नहीं है.
छठ पर्व जैसे आस्था के प्रतीक पर्व का अपमान करने वाले आरोपी के खिलाफ समाज अब निर्णायक रुख में है. रायगढ़ में हर वर्ग के लोग एक स्वर में मांग कर रहे हैं कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर उदाहरण पेश किया जाए. अगर प्रशासन ने देरी की तो आने वाले दिनों में रायगढ़ की सड़कों पर उबाल देखने को मिलेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



