आज सामूहिक अवकाश पर रहेंगे प्रदेश स्तरीय सभी फूड इंस्पेक्टर, सहायक खाद्य अधिकारी और खाद्य अधिकारी, कल 2 अक्टूबर को रायपुर में होगा धरना प्रदर्शन

All state level food inspectors assistant food officers and food officers will be on collective leave today protest will be held in Raipur tomorrow on 2nd October

आज सामूहिक अवकाश पर रहेंगे प्रदेश स्तरीय सभी फूड इंस्पेक्टर, सहायक खाद्य अधिकारी और खाद्य अधिकारी, कल 2 अक्टूबर को रायपुर में होगा धरना प्रदर्शन

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति अधिकारी कर्मचारी संघ द्वारा लिए गए एक अहम फैसले के तहत प्रदेश के सभी खाद्य निरीक्षक, सहायक खाद्य अधिकारी और खाद्य अधिकारी आज 1 अक्टूबर 2024 को एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे. इसके बाद कल 2 अक्टूबर 2024 को रायपुर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. यह प्रदर्शन उनकी लंबित मांगों के त्वरित निराकरण के लिए किया जा रहा है. जो लंबे समय से अनदेखा किया जा रहा है.
छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति अधिकारी कर्मचारी संघ द्वारा राज्य सरकार के सामने निम्नलिखित अहम् मांगें रखी गई हैं.
1. वेतन विसंगति का निराकरण: खाद्य निरीक्षकों और सहायक खाद्य अधिकारियों के वेतन में विसंगतियों को दूर किया जाए. यह मुद्दा काफी समय से लंबित है. और अधिकारी लंबे समय से समान काम के लिए उचित वेतन की मांग कर रहे हैं.
2. पदोन्नति और भर्ती में संतुलन: सहायक संचालक (खाद्य अधिकारी) के पद पर पदोन्नति और सीधी भर्ती का अनुपात पहले की तरह 75 प्रतिशत और 25 प्रतिशत किया जाए. अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में असंतुलन है. जिससे पदोन्नति के अवसर सीमित हो गए हैं.
3. रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया में संशोधन: सहायक संचालक (खाद्य अधिकारी) के रिक्त पदों में से एक निश्चित प्रतिशत पद अधीक्षक संचालनालय की पदोन्नति से भरे जाने के प्रावधान को निरस्त किया जाए. यह मांग इसलिए की गई है ताकि विभाग के कर्मचारियों को पर्याप्त पदोन्नति के मौके मिल सकें और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आए.
4. राशन कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरण: राशन कार्डधारकों को सही तादाद में खाद्यान्न आवंटन सुनिश्चित किया जाए और वितरण व्यवस्था में सुधार किया जाए. वर्तमान में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में कई जटिलताएं हैं. जिन्हें दूर कर सुचारु और पारदर्शी प्रणाली की मांग की जा रही है.
धरना प्रदर्शन का मकसद:
खाद्य निरीक्षक और अधिकारी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हो पाया है. उनके मुताबिक वेतन विसंगति, पदोन्नति में असमानता, और खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया में सुधार जैसे मुद्दों पर शासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए यह सामूहिक अवकाश और धरना प्रदर्शन जरुरी हो गया है.
प्रदेश के सभी 33 जिलों से सभी खाद्य निरीक्षक, सहायक खाद्य अधिकारी और खाद्य अधिकारी 2 अक्टूबर 2024 को रायपुर में निर्धारित धरना स्थल पर इकठ्ठा होंगे। यह धरना प्रदर्शन शासन के सामने अपनी मांगों को मजबूती से रखने और उनकी त्वरित सुनवाई की मांग करेगा.
प्रदर्शन का असर:
इस सामूहिक अवकाश और धरना प्रदर्शन का प्रदेश की खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर क्या असर पड़ेगा. यह अभी साफ नहीं है. लेकिन यह तय है कि अगर अधिकारियों की मांगों पर शासन ने फौरन कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले समय में खाद्य आपूर्ति प्रणाली पर इसका गहरा प्रभाव पड़ सकता है. अधिकारी यह भी इशारा दे चुके हैं कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं होती है तो तो वे भविष्य में और बड़े आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति अधिकारी कर्मचारी संघ का यह प्रदर्शन शासन के लिए एक बड़ा इशारा है कि अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो राज्य की खाद्य आपूर्ति और वितरण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. अब देखना यह  है कि शासन इस पर क्या कदम उठाता है? और कर्मचारियों की मांगों का समाधान कैसे करता है?.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb