चरित्र शंका से नाराज पत्नी ने सिलबट्टे से पति का सिर कुचला, सूटकेस में छिपाई लाश, घर बंदकर फरार, महाराष्ट्र से महिला गिरफ्तार
Angry over suspicion of her husband's character, a wife crushed his head with a grinding stone, hid the body in a suitcase, locked the house and fled. A woman was arrested in Maharashtra.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में 9 नवंबर को सूटकेस में मिले शव मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाली मृतक की पत्नी मंगरीता भगत उम्र 40 साल को पुलिस ने महाराष्ट्र के नासिक जिले के मनमाड़ जंक्शन से गिरफ्तार किया है. पूरा मामला दुलदुला क्षेत्र के ग्राम भिंजपुर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 9 नवंबर को ग्राम भिंजपुर स्थित घर में संतोष भगत की लाश एक सूटकेस में मिली थी. इस मामले में मृतक के भाई विनोद भगत की रिपोर्ट पर थाना दुलदुला में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत जुर्म दर्ज किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मंगरीता भगत को ही हत्या का आरोपी पाया. जो घटना के बाद फरार हो गई थी.
SSP शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. मुखबिर और तकनीकी जांच के आधार पर पता चला कि आरोपिया पूर्व में मुंबई में काम करती थी और फरारी के दौरान महाराष्ट्र भाग गई है. पुलिस टीम ने जीआरपी एसपी श्वेता सिन्हा, डीएसपी अख्तर और आरपीएफ पुलिस की मदद से मनमाड़ रेलवे स्टेशन से मंगरीता भगत को गिरफ्तार किया.
पुलिस जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच अवैध संबंधों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. संतोष को शक था कि उसकी पत्नी मंगरीता भगत का संबंध उसके छोटे भाई (देवर) विनोद के साथ है. इसी शक ने दोनों के रिश्ते को कड़वाहट से भर दिया था.
घटना वाली रात मंगरीता ने अपने लिए खाना निकाला. लेकिन पति को परोसा नहीं. इससे संतोष भड़क उठा और दोनों के बीच फिर झगड़ा शुरु हो गया. गुस्से में संतोष ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया. मंगरीता ने लोहे की गैंती से दरवाजा तोड़ा. जो गिरकर संतोष पर जा गिरा. इसके बाद वह किचन में रखे सिलबट्टे को लेकर आई और पति के सिर पर वार कर दिया.
पहले वार के बाद संतोष बेहोश हुआ. लेकिन जिंदा था. मंगरीता को लगा कि वह होश में आया तो उसे मार देगा. इस डर से उसने फिर सिलबट्टे से वार किया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
रात करीब 2 बजे आरोपी पत्नी ने घर में रखे बड़े ट्रॉली सूटकेस में शव को डाल दिया. उसने खून के धब्बे भी कपड़े से साफ कर दिए. अगली सुबह गांववालों को बताया कि उसका पति रांची चला गया है. दोपहर तक घर को बाहर से ताला लगाकर वह रायगढ़ के लिए बस से निकल गई.
फरार होने के बाद उसने कोरबा में रह रही अपनी बेटी को फोन कर कहा– “तेरे पापा को मार दी हूं.” इसी से हत्या का राज खुला. पुलिस ने 9 नवंबर को घर का ताला खुलवाया तो अंदर सूटकेस में संतोष का शव मिला. शुरुआती जांच में पत्नी पर शक गया. जो लापता थी.
टेक्निकल सर्विलांस और मुखबिरों की जानकारी से पुलिस को पता चला कि मंगरीता मुंबई की ओर भाग रही है. 12 नवंबर को वह रायगढ़ से ट्रेन पकड़कर मनमाड़ पहुंची. जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने कत्ल में इस्तेमाल सील बट्टे को बरामद कर लिया है, आरोपिया ने कत्ल का जुर्म करना कबूल किया. जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



