फिर मिली हाथी की लाश, जंगल के भीतर मिला दो दिन पुराना शव, 40 दिन में दूसरी मौत,करंट लगाकर मारने की आशंका, मामला दबाने का लगा आरोप
Another elephant carcass has been discovered—a two-day-old body found deep within the forest. This marks the second such death in 40 days; it is suspected that the animal was killed via electrocution, and there are allegations that the incident is being covered up.
अंबिकापुर : सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत 14 हाथियों का दल पिछले कई दिनों से घूम रहा है. इसमें से 2 हाथी पिछले 1 हफ्ते से दल के साथ दिखाई नहीं दे रहे थे. इसी बीच एक नर हाथी का शव कुसुवामुड़ा जंगल में मिला है. आशंका जताई जा रही है कि हाथी की मौत जंगल में चारों ओर बिछाए गए करंट की चपेट में आकर हुई है. वहीं वन विभाग और क्षेत्र के ग्रामीणों पर मामला दबाए जाने के आरोप लग रहे हैं. हालांकि वन विभाग हमेशा कहता रहा है कि उनके द्वारा ड्रोन से हाथियों की निगरानी की जा रही है. इसके बावजूद हाथी की करंट से मौत कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है..
उदयपुर वन परिक्षेत्र में पिछले 4 महीने पहले 27 हाथियों का दल पहुंचा था. यह दल 2 हिस्से में बंट गया था. इसके बाद एक दल में 14 हाथी कर्मकट्टरा के जंगल में सप्ताह भर पूर्व देखे गए थे. इनमें से 12 हाथी चकेरी जंगल की तरफ चले गए थे. जबकि 2 हाथी दल के साथ दिखाई नहीं दे रहे थे.
इसी बीच ग्राम सुखरी भंडार के ग्रामीणों के बीच यह बात दबी जुबान में सुनाई दी कि 2 हाथियों की मौत हो चुकी है. करंट लगाकर उन्हें मार डाला गया है. जब स्थानीय जागरुक युवाओं ने जंगल में खोजबीन शुरु की तो मंगलवार की सुबह हाथी का शव कुसुवा मुड़ा के जंगल में मिला. हाथी के शरीर में करंट लगने के निशान हैं.
जंगल में बिछा रखा है करंट प्रवाहित वायर
बताया जा रहा है कि कुसुवामुड़ा जंगल में चारों ओर करंट प्रवाहित तार लगाकर रखा गया है. इसी की चपेट में आकर हाथी की मौत हुई है. यह वायर शिकारियों या स्थानीय लोगों द्वारा जंगली जानवरों का शिकार करने लगाकर रखा गया है. इस मामले में यह सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि करंट वायर लगाए जाने की भनक वन विभाग के पास क्यों नहीं है? अगर उसे जानकारी है तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई.
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
वन विभाग द्वारा कहा जाता है कि वे ड्रोन से हाथियों की निगरानी कर रहे हैं. लेकिन 14 हाथियों के दल से 2 हाथी गायब हैं. इसके बाद भी उन्हें पता नहीं चला. जागरुक युवाओं ने हाथी का शव खोज निकाला है. वहीं एक अन्य हाथी की भी तलाश जारी है. वन विभाग को भी हाथी का शव मिलने की खबर दी गई.
जांच जारी
इधर जंगलों में विद्युत तरंगित तार यानी झटका तार बिछाए जाने की आशंका को देखते हुए वन विभाग की टीम ऐसे तारों की तलाश कर रही है और उन्हें जब्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है, करीब 40 दिनों के भीतर इसी वन परिक्षेत्र में दो हाथियों की मौत की घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. अब सबकी निगाहें वन विभाग की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



