तालाब किनारे शराब पीने के दौरान विवाद, युवक का मर्डर, पेट पर धारदार हथियार से हमला, इलाज के दौरान तोड़ा दम, इलाके में दहशत का माहौल
Argument during drinking session by a pond leads to murder, young man attacked with a sharp weapon, dies during treatment, atmosphere of fear in the area
जांजगीर-चांपा/नैला : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. नैला चौकी उप थाना क्षेत्र में तालाब किनारे शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. धारदार हथियार से किए गए हमले में युवक की आंतें बाहर आ गईं. जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच रोशन सूर्यवंशी उम्र 23 साल अपने कुछ दोस्तों के साथ तालाब के पास बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद युवकों के बीच कहासुनी शुरु हो गई. शुरु में मामूली विवाद लग रहा यह झगड़ा देखते ही देखते हिंसक हो गया.
चश्मदीदों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अचानक धारदार हथियार निकाल लिया और रोशन के पेट पर जोरदार वार कर दिया. हमला इतना भयंकर था कि रोशन की आंतें बाहर निकल आईं. गंभीर रुप से घायल रोशन मौके पर ही दर्द से कराहने लगा. जबकि आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.
वारदात की जानकारी मिलते ही रोशन के परिजन मौके पर पहुंचे. परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए इलाज शुरु किया. हालांकि ज्यादा खून बहने और अंदरुनी चोटों की वजह से इलाज के दौरान रोशन ने दम तोड़ दिया.
इस वारदात की खबर मिलते ही नैला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मौके से सबूत जुटाए. हत्या की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है.
सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि अज्ञात आरोपियों द्वारा युवक की हत्या की गई है. फिलहाल हत्या के पीछे की साफ वजह सामने नहीं आई है. उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. मामले में मर्ग कायम कर हत्या का जुर्म दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है. लोगों का कहना है कि शराबखोरी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों के कारण क्षेत्र में अपराध बढ़ते जा रहे हैं. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. ताकि आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके. इस मर्डर ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी और उससे उपजने वाले अपराधों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



