गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में होली मिलन समारोह पर जमकर बवाल, छात्रों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, मारपीट का वीडियो वायरल
Chaos erupted at the Holi gathering at Guru Ghasidas Central University, with students chasing and beating each other; a video of the violence went viral.
बिलासपुर :बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई. डीजे पर डांस के दौरान विवाद बढ़ा और छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए. कुछ छात्रों द्वारा नशे में कपड़े फाड़ने और जबरन रंग लगाने को लेकर झगड़ा शुरू हुआ. चार दिन पहले भी एबीवीपी के होली मिलन समारोह में स्टेज पर चढ़ने को लेकर विवाद हुआ था. कोनी थाना पुलिस का कहना है कि अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई.
होली मिलन समारोह में बवाल
सोमवार को गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी परिसर में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था. ऑडिटोरियम के सामने तेज साउंड सिस्टम और डीजे की धुन पर छात्र-छात्राएं रंग-गुलाल के साथ डांस कर रहे थे. माहौल पूरी तरह होलियाना था और यह कार्यक्रम कई घंटों तक चलता रहा.
डांस के बीच बढ़ा विवाद
चश्मदीदों के मुताबिक डांस के दौरान कुछ छात्रों ने नशे में एक-दूसरे पर जबरन रंग डाला और कपड़े फाड़ दिए. इसी बात को लेकर कहासुनी शुरु हुई. जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. एक तरफ छात्र डांस में मस्त थे. तो दूसरी तरफ दो गुटों के बीच लात-घूंसे चलने लगे.
दौड़ा-दौड़ाकर की पिटाई
विवाद इतना बढ़ गया कि छात्रों ने एक-दूसरे को घेरकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. मारपीट का वीडियो भी सामने आया है. जिसमें एक गुट दूसरे छात्र की बेरहमी से पिटाई करता दिख रहा है. घटना के दौरान कई छात्र मौके से भागते नजर आए.
चार दिन पहले भी हुआ था विवाद
यूनिवर्सिटी में चार दिन पहले एबीवीपी के होली मिलन कार्यक्रम के दौरान भी झगड़ा हुआ था. उस समय स्टेज पर चढ़ने को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए थे. कुछ छात्र जबरन मंच पर चढ़ना चाहते थे. जिसका अन्य छात्रों ने विरोध किया था. इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया.
पुलिस का बयान
कोनी थाना क्षेत्र में हुई इस घटना पर टीआई भावेश शेंडे ने कहा कि उन्हें अभी तक मारपीट की कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. अगर पीड़ित छात्र या विश्वविद्यालय प्रशासन शिकायत दर्ज कराते हैं. तो पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई कर सकती है.
विश्वविद्यालय प्रशासन भी आंतरिक जांच समिति गठित कर सकता है. भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए जाने की संभावना है.
गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में होली मिलन समारोह के दौरान हुई मारपीट ने कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लगातार दूसरी बार हुई घटना से साफ है कि आयोजनों के दौरान अनुशासन और निगरानी की जरुरत है. समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सड़क में केक काटने या सोशल मीडिया में वायरल वीडियो के आधार पर हाईकोर्ट से लेकर पुलिस स्वत: संज्ञान लेकर कार्यवाही कर देती है. वही यूनिवर्सिटी से जुड़े कई वीडियो पर शिकायत नहीं मिलने के कारण किसी तरह की कार्यवाही पुलिस द्वारा नहीं की गई है. ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि इन वायरल वीडियो में स्वत: संज्ञान लेकर कार्यवाही कौन करेगा .??.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



