शराब भट्ठी के पास विवाद के बाद कुएं में मिली विद्युत विभाग के ठेकेदार की लाश, रात में घटनास्थल से गायब थी मृतक की स्कूटी, सुबह मौके से हुई बरामद
Dead body found in a well after a dispute near a liquor distillery the scooter of the deceased was missing from the spot at night recovered from the spot in the morning
सूरजपुर/बिश्रामपुर : दीपावली की रात दोस्त के साथ शराब भट्ठी पहुंचे युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई. उसकी लाश एक अनुपयोगी कुएं में मिली. इस मामले में पुलिस जांच में जुट गई है.
सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करंजी निवासी 33 साल के विन्सेंट आगोस लुकस पिता किशोर कुमार लुकस बिश्रामपुर आरटीआई कॉलोनी के समीप रेलवे के सब स्टेशन में ठेका कर्मी के पद पर कार्यरत था.
31 अक्टूबर की रात ड्यूटी खत्म होने पर रात 9 बजे एक मित्र के साथ वह ग्राम पंचायत शिवनंदनपुर में स्थित कंपोजिट शराब दुकान में शराब पीने आया था. काफी देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन रात से ही उसे फोन लगाकर उसकी जानकारी लेने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन उसका फोन रिसीव नहीं होने से सुबह खोजने उसके ड्यूटी स्थल पहुंच गए.
कार्यस्थल और उसके अन्य संभावित ठिकानों पर उसके नहीं मिलने पर परिजन ने बिश्रामपुर थाने पहुंचकर विन्सेंट के लापता होने की खबर दी. इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि शराब भठ्ठी के पास सड़क किनारे एक स्कूटी और मोबाइल लावारिस हालत में पड़ा है.
खबर पर पुलिस मौके पर परिजन के साथ पहुंची और स्कूटी नंबर CG16 CB 6644 और मोबाइल की तस्दीक कराई तो पता चला कि वाहन और मोबाइल विन्सेंट का ही है. इसी आधार पर पुलिस ने शराब दुकान के पास उसकी खोजबीन शुरु की.
इसी दौरान झाडिय़ों के बीच अनुपयोगी कुएं में डीडीआरएफ टीम के सदस्यों ने कैमरा डालकर देखा तो विन्सेंट का शव दिखा. इसके बाद शव को निकालकर जांच करने के बाद पीएम कराकर परिजन को सौंप दिया गया. टीआई अलरिक लकड़ा ने बताया कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह साफ होगी.
बताया जा रहा है कि घटना दिवस को मृतक का साथी अंबिकापुर निवासी अरविंद जो साथ में शराब पीने भी पहुंचा था. पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. बताया जा रहा है कि मृतक से घटना दिवस को शराब भठ्ठी के पास कुछ युवकों से विवाद हुआ था. जिसमें मारपीट भी हुई थी.
इसे लेकर पुलिस उन युवकों की खोजबीन कर रही है और विवाद का पता लगाने की कोशिश कर रही है. पुलिस शराब भठ्ठी के सीसीटीवी फुटेज सहित उसके मोबाइल के कॉल डिटेल को भी खंगाल रही है ताकि मौत की असल वजह सामने आ सके.
परिजन का कहना है कि रात में जब घटना स्थल जाकर युवक की तलाश की गई. तब उसकी स्कूटी मौके पर नहीं थी. सुबह अचानक स्कूटी मौके पर कैसे पहुंच गई. यह जांच का विषय है.
दीपावली की रात जब मृतक का कुछ लोगों से विवाद हुआ था. तब साथी ने फौरन परिजन या पुलिस को खबर क्यों नहीं दी. परिजन के मुताबिक मृतक के साथी की भूमिका संदेह के दायरे में है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



