दुर्ग जिले में डबल मर्डर, पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, दूसरे की टंगिया मारकर ले ली जान, 48 घंटों के भीतर 5 कत्ल, पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल
Double murder in Durg district: head crushed to death with a stone, another killed with a spade, five murders within 48 hours, questions raised about police functioning.
दुर्ग : दुर्ग जिले में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है. पिछले 48 घंटों के भीतर 5 हत्याओं ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. वहीं रविवार को ताजा दो मामलों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
पत्थर से सिर कुचलकर हत्या
पहला मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के करहीडीह का है. जहां शनिवार रात एक मजदूर की निर्मम हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान नारायण निषाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बेरला का रहने वाला था. वह करहीडीह में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था. रात में सांस्कृतिक भवन के पास उसका शव लहूलुहान हालत में मिला. उसके सिर और चेहरे को भारी पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था.
खबर मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक नारायण निषाद अपनी पत्नी से विवाद के बाद अलग रह रहा था. उसकी पत्नी करहीडीह में ही अपने मायके में रह रही थी. इसी वजह से नारायण बेरला से आकर भिलाई में रहने लगा था और मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहा था. हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए टीम बनाई गई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t
टंगिया मारकर युवक की हत्या
वहीं दूसरी घटना भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बापूनगर की है. खुर्सीपार थाना क्षेत्र के बापू नगर उड़िया बस्ती में रहने वाले विक्रम सोना उर्फ फकीरा उम्र 30 साल का मोहल्ले में रहने वाले मुरली उर्फ मुच्छू उम्र 60 साल के साथ विक्रम का पहले से विवाद चल रहा था. दोनों के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था. घटना से एक दिन पहले रात में दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था. रविवार सुबह फिर से दोनों आमने-सामने आए और बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपी मुरली ने गुस्से में आकर टंगिया निकाल लिया. इसके बाद उसने विक्रम पर ताबड़तोड़ वार कर दिया.
मृतक विक्रम सोना फेब्रिकेशन का काम करता था. नाजुक हालत में परिजन उसे सुपेला अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. खुर्सीपार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है. लगातार हो रही इन वारदातों ने इलाके में डर का माहौल बना दिया है. पुलिस दोनों ही मामलों में जांच कर रही है और आरोपियों की पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



