चेकिंग के दौरान ओडिशा से आ रही कार से 75 लाख कैश बरामद, फटी रह गई महासमुंद पुलिस की आंखें, हिरासत में दो आरोपी, आयकर विभाग करेगा जांच

During a check, 75 lakh rupees in cash was recovered from a car coming from Odisha, leaving the Mahasamund police stunned. Two accused are in custody, and the Income Tax Department will investigate.

चेकिंग के दौरान ओडिशा से आ रही कार से 75 लाख कैश बरामद, फटी रह गई महासमुंद पुलिस की आंखें, हिरासत में दो आरोपी, आयकर विभाग करेगा जांच

महासमुंद : महासमुंद जिले में पुलिस की नियमित वाहन जांच के दौरान बड़ी तादाद में नकद रकम बरामद होने का मामला सामने आया है. पुलिस ने एक कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं. कार में सवार दो युवक इस रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके. जिसके बाद पुलिस ने पूरी रकम जब्त कर ली है. यह कार्रवाई कोमाखान थाना क्षेत्र में की गई.
मिली जानकारी के मुताबिक वाहन चेकिंग के दौरान ओडिशा के खरियार रोड की तरफ़ से रायपुर की तरफ आ रही एक सफेद रंग की होंडा कार नंबर OD05 PB 2122 संदिग्ध लगी. पुलिस ने कार को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की और वाहन की तलाशी ली.
कार चला रहे युवक ने अपना नाम राजेन्द्र महानंद उम्र 27 साल ओडिशा के बलांगीर जिले के मुंडापला गांव का निवासी बताया . वहीं कार में उसके साथ बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम महाप्रज्ञ जैन उम्र 47 साल ओडिशा के ही कांटाबांजी क्षेत्र के डेली मार्केट वार्ड नंबर 2 का रहने वाला बताया. दोनों से जब कार में रखे सामान और यात्रा के मकसद के बारे में पूछताछ की गई तो उनके जवाबों से पुलिस को शक हुआ. इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट पर रखे एक नीले रंग के बैग में बड़ी तादाद में नकद रकम बरामद हुई. पुलिस ने जब बैग खोला तो उसमें 500 रुपये के नोटों के 150 बंडल मिले। हर बंडल में 100-100 नोट थे. इस तरह कुल 75 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई. पुलिस ने दोनों युवकों से इस रकम के बारे में दस्तावेज मांगे। लेकिन वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके. पूछताछ में कार चालक ने बताया कि यह रकम रायपुर के सोना-चांदी के व्यापारियों की है और उसे करीब 60 व्यापारियों को यह पैसा पहुंचाना था.
हालांकि रकम से जुड़े वैध दस्तावेज नहीं मिलने की वजह से पुलिस ने नकदी जब्त कर ली. इसके साथ ही कार और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए. नकदी, वाहन और मोबाइल सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई गई थी और इसका उपयोग किस मकसद के लिए किया जाना था.
पुलिस ने इस मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी है. अब आयकर विभाग की टीम पूरे मामले की जांच करेगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि यह रकम वैध स्रोत से आई है या नहीं और इसके पीछे कोई अवैध लेन-देन तो नहीं है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB