300 से ज्यादा होटलों में ठगी, चार्ल्स शोभराज से प्रभावित बुजुर्ग गिरफ्तार, रायपुर में वारदात कर ओडिशा भागा, वेटर की नौकरी का पैसा नहीं मिला तो बना ठग

Elderly man inspired by Charles Sobhraj arrested for swindling over 300 hotels; fled to Odisha after committing fraud in Raipur; turned to conning after failing to receive wages from a waiter job.

300 से ज्यादा होटलों में ठगी, चार्ल्स शोभराज से प्रभावित बुजुर्ग गिरफ्तार, रायपुर में वारदात कर ओडिशा भागा, वेटर की नौकरी का पैसा नहीं मिला तो बना ठग

रायपुर : राजधानी के होटल हयात में करीब 2.12 लाख रुपये की ठगी करने वाले देश के सबसे शातिर होटल ठगों में शामिल 69 साल के बिंगसन जान को पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया. ठग के जुर्म की कहानी किसी फिल्मी किरदार से कम नहीं है. वह खुद कबूल करता है कि उसकी जिंदगी का ज्यादातर वक़्त सिर्फ दो जगहों पर बीता है. जेल और फाइव स्टार होटल.. जेल से छूटते ही वह किसी महंगे होटल को अपना अगला ठिकाना बना लेता था और ठगी कर फिर जेल पहुंच जाता था.
10 राज्यों के 300 से ज्यादा होटलों में दी चपत, 15 साल जेल में काटे
मिली जानकारी के मुताबिक तमिलनाडु निवासी बिंगसन जान वर्ष 1990 से लगातार देशभर के महंगे होटलों को निशाना बनाता आ रहा है. उसके खिलाफ दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा समेत 10 से ज्यादा राज्यों के महानगरों में ठगी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं. वह अब तक 300 से ज्यादा होटलों में वारदात कर चुका है और करीब 15 साल से ज्यादा समय कई जेलों में बिता चुका है. वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल पहुंचा था. जहां वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित हुआ. इसके बाद उसने ठगी का तरीका ही बदल दिया.
विदेशी गाइड बनकर लेता था एंट्री, बिल चुकाए बिना हो जाता था फरार
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को विदेशी पर्यटकों का ट्रैवल गाइड, इंग्लिश टीचर या योगा टीचर बताकर पांच सितारा होटलों में कमरा बुक कराता था. कई दिनों तक होटल की सभी सुविधाओं का मजा लेता. जरूरत पड़ने पर होटल से महंगे उपकरण भी किराये पर ले लेता और फिर बिना चेक-आउट किए और बिल चुकाए फरार हो जाता था.
होटल हयात में दो लाख से ज्यादा की लगाई चपत
थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित होटल हयात में आरोपी ने 25 जून को कमरा लिया. 27 जून की सुबह वह बिना औपचारिक चेक-आउट किए होटल से निकल गया. उसने 63,755 रुपये का होटल बिल नहीं चुकाया और विशेष अनुरोध पर किराये पर लिया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी साथ ले गया. होटल प्रबंधन द्वारा संपर्क करने की कोशिश की गई. लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले. इसके बाद होटल की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया.
फिल्मी अंदाज में जीता था जिंदगी
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि पिछले 36 साल से उसकी जिंदगी जेल और महंगे होटलों के बीच ही गुजर रही है. जेल से बाहर निकलते ही वह किसी नए शहर के पांच सितारा होटल को अपना निशाना बनाता था. पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ देशभर में बड़ी तादाद में आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?