अदालत में सुनवाई के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, 8 अब भी फरार
Major action in a case of physical altercation between two parties during a court hearing; police arrested 10 accused and sent them to jail, while 8 remain at large.
बलरामपुर : वाड्रफनगर तहसील न्यायालय परिसर में जमीन संबंधी मामले की सुनवाई के दौरान हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं मामले में शामिल 8 अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं. जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक बीते दिन न्यायालय परिसर में जमीन विवाद से जुड़े प्रकरण की सुनवाई चल रही थी. इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अदालत के भीतर ही मारपीट शुरू कर दी. घटना के दौरान पक्षकार के अधिवक्ता के साथ भी हाथापाई किए जाने की बात सामने आई है.
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 224, 190, 191(2), 112, 132 एवं 194 के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की गई है. वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र की इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



