लिव-इन में रह रही गर्भवती प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या, पेट में पल रहे बच्चे की भी गई जान, शरीर पर डंडे के 40-50 निशान, प्रेमी गिरफ्तार
Pregnant live-in girlfriend beaten to death, unborn child also killed, body bearing 40-50 stab wounds, boyfriend arrested
सरगुजा : सरगुजा जिले में लिव इन रिलेशन में रह रही 7 महीने की गर्भवती प्रेमिका की उसके प्रेमी ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. मां के पेट में पल रहे नवजात की भी मौत हो गई. युवक के शराब पीने से परेशान होकर युवती उसे बिना बताए मायके चली गई थी. जिससे वो नाराज था. पंचनामा के दौरान शरीर पर 40 से ज्यादा लाठियों के निशान मिले हैं. यह मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम जजगा निवासी राजीव दास महंत उम्र 30 साल का गावं की ही युवती मनबसिया माझी उम्र 28 साल से प्रेम संबंध था. दोनों करीब दो सालों से साथ रहने लगे. परिजनों से अलग रहते हुए राजीव दास ने एक किराना की दुकान खोली थी. जिसका संचालन उसकी मौजूदगी में मनबसिया करती थी. राजीव दास के शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता था.
शुक्रवार 7 नवंबर को राजीव दास गांव की तरफ गया था. वह दोपहर करीब दो बजे घर लौटा तो दुकान और घर का दरवाजा खुला था. घर में मनबसिया नहीं थी. पूछताछ में पता चला कि वह मायके चली गई है. राजीव दास 2 किलोमीटर दूर अपने ससुराल पहुंचा और उसे बहला-फुसलाकर घर ले गया. घर वापस आने पर राजीव दास ने उसे 40 से ज्यादा लाठियां मारी. जब वह बेहोश हो गई तो उसे कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाकर राजीव भाग गया. जब देर रात तक घर से कोई आवाज नही आई तो पड़ोसियों ने 112 डायल को खबर दी. मौके पर पहुंची 112 और 108 की टीम ने ताला तोड़कर घर में अंदर प्रवेश किया तो मनबसिया मृत पड़ी थी. पुलिस को शरीर पर 40 से अधिक डंडे के निशान मिले हैं.
बताया जा रहा है कि राजीव दास महंत का मनबसिया से करीब दो साल पहले प्रेम संबंध बन गया था. वो अपने प्रेमी के घर ढूकू (जनजातीय विवाह की परंपरा) के तहत आ गई थी. राजीव दास ने किराना दुकान खोला था. जिसे उसकी मौजूदगी में वो संचालित करती थी. मनबसिया 7 महीने की प्रेग्नेंट थी.
पुलिस ने दूसरे दिन जब शव का पोस्टमॉर्टम कराया तो डॉक्टरों ने मृत बच्चे को मां के गर्भ से बाहर निकाला. इस मामले में पुलिस ने आरोपी राजीव दास को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया. जिसे कोर्ट से जेल भेज दिया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



