गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी, नशे में धुत युवकों ने घर में घुसकर मचाया आतंक, युवक को सड़क पर घसीटकर की लात-घूंसों से पिटाई
Protesting against abusive language proved costly; drunk youths entered a home and created panic, dragging a young man onto the street and beating him with kicks and punches.
कोरबा : ऊर्जाधानी कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इमली डुग्गू इलाके में नशेड़ियों के बढ़ते हौसलों ने सनसनी फैला दी है. यहां एक युवक को महज इसलिए लहूलुहान कर दिया गया क्योंकि उसने घर के बाहर गाली-गलौज करने से मना किया था. हमलावरों ने युवक को उसके घर से खींचकर बाहर निकाला और बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट की.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित संजय यादव ने बताया कि वह देर शाम काम से घर लौटा. घर के बाहर कुछ युवक नशे की हालत में जोर-जोर से अश्लील गालियां दे रहे थे. संजय ने शालीनता से उन्हें वहां से जाने और गाली-गलौज न करने को कहा. इसके बाद वह अपने घर के अंदर चला गया. लेकिन नशे में धुत आरोपियों को यह नागवार गुजरा.
संजय के घर के अंदर जाते ही 6 से ज्यादा युवक उसके घर के गेट पर आ धमके. उन्होंने जबरन संजय को घर से बाहर खींच लिया और सड़क पर पटक दिया. आरोपियों ने संजय के सिर, हाथ और सीने पर ताबड़तोड़ वार किया. पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों के पास चाकू भी थे. जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं. जब परिवार के सदस्य बीच-बचाव करने आए, तो दरिंदों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की.
पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि इस हमले में महेश, साहिल, बिट्टू, छोटू पांडे, विजय पांडे और उमेश सागर समेत अन्य युवक शामिल थे. संजय को नाजुक हालत में जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. जहाँ उसका इलाज जारी है.
संजय के भाई विजय ने इलाके के खौफनाक मंजर को बयान करते हुए कहा कि ये हमलावर आदतन नशेड़ी हैं और नशे की गोलियों का सेवन करते हैं. इनका आतंक इतना है कि शाम होते ही मोहल्ले में महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है. आए दिन ये नशेड़ी राहगीरों और स्थानीय निवासियों के साथ बदतमीजी करते हैं.
पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर रही है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



