देर रात शिक्षक अनुकंपा नियुक्ति के लिए किया धरना प्रदर्शन, मौके पर पहुंची पुलिस, चुनाव में किए वादे को पूरा करने की मांग
Teachers staged a protest late at night demanding compassionate appointments; police arrived on the scene, demanding fulfillment of election promises.
रायपुर : राजधानी रायपुर में कड़ाके की ठंड के बीच जय छत्तीसगढ़ महतारी चौक कलेक्ट्रेट के सामने दिवंगत पंचायत शिक्षकों के परिवारों के लिए अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया. धरने में शशांक साहू, अश्वनी सोनवानी (प्रांत अध्यक्ष, दिवंगत पंचायत शिक्षक अनुकम्पा संघ छत्तीसगढ़) और राजेश्वरी दुबे (उपाध्यक्ष) सहित अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया.
प्रदर्शनकारी ठंड के बावजूद कलेक्ट्रेट परिसर में बैठे रहे और शासन से फौरन अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की. SDM सौरव कुमार सहित तहसीलदार के साथ सिविल लाइन पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पहले पूरा जिला प्रशासन समझाइश देकर धरना को स्थगित करने की कोशिश करेगा. अगर इससे बात नहीं बनती तो बलपूर्वक हटाने में पुलिस भीमजबूर होंगे.
प्रदर्शनकारी संघ ने बताया कि लंबे समय से दिवंगत पंचायत शिक्षकों के परिवारों को उनके अधिकारों के मुताबिक अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिली है. जिससे पीड़ित परिवारों को आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करनी चाहिए और प्रभावित परिवारों को न्याय प्रदान करना चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनाव से पहले अनुकंपा नियुक्ति देने का वादा किया था. लेकिन सत्ता में आने के बाद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्लेकार्ड और बैनर लेकर अनुकंपा नियुक्ति की मांग को जोर-शोर से आवाज दी. उन्होंने प्रशासन से अपील किया कि नियमों और संवैधानिक अधिकारों के तहत शासन फौरन अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया शुरु करे.
स्थानीय प्रशासन ने इस धरने के दौरान शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की कोशिश की और प्रदर्शनकारियों से बातचीत भी की. हालांकि प्रदर्शनकारी अपने आग्रह पर कायम रहे और कहा कि उनकी मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा. धरने में शामिल प्रमुख नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर शासन ने अनुकंपा नियुक्ति संबंधी कोई कदम नहीं उठाया तो वह और व्यापक आंदोलन करेंगे और अन्य जिलों में भी धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. इस आंदोलन से यह साफ हो गया कि दिवंगत पंचायत शिक्षकों के परिवारों को इंसाफ दिलाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में सरकार को त्वरित कार्रवाई करनी होगी.
अक्टूबर माह में अनुकंपा नियुक्ति संघ का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मिला था. उस दौरान मुख्यमंत्री ने जल्द प्रक्रिया शुरु करने का आश्वासन दिया था. लेकिन आज तक कोई ठोस पहल न होने से परिजनों में नाराजगी है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो वे प्रदेशभर में आंदोलन को तेज करेंगे. इस बीच प्रशासन ने धरने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और देर रात तक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर शांतिपूर्ण समाधान की कोशिश की.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



