बड़े भाई की करंट से मौत, डर से छोटे ने लगाई फांसी, टी-शर्ट पर लिखा- रीना मुझे माफ कर देना, परिवार में पसरा मातंम, जांच में जुटी पुलिस
The elder brother died of electrocution, the younger brother hanged himself out of fear, wrote on his T-shirt, "Reena, please forgive me." The family was in mourning, and the police began investigating.
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के महेशपुर गांव में दर्दनाक घटनाक्रम ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. बड़े भाई की करंट लगने से हुई मौत के बाद सहमे छोटे भाई ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. मृतक ने अपनी टी-शर्ट पर पत्नी के नाम संदेश लिखते हुए “रीना मुझे माफ कर देना” लिखा था. पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच कर रही है. यह मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को महेशपुर गांव में खेत की फेंसिंग के लिए लगाए गए तार में करंट फैल जाने से नर्मदा प्रसाद की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि खेतों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए तार लगाया गया था. जिसमें बिजली का करंट था. इसी दौरान नर्मदा प्रसाद अनजाने में करंट की चपेट में आ गए और तार से चिपक गया.
मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की. लेकिन तब तक उनकी हालत नाजुक हो चुकी थी. घटना के बाद परिजन उन्हें प्रेमनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. बड़े भाई की अचानक मौत से परिवार में शोक और तनाव का माहौल बन गया. घर में विवाद और अफरा-तफरी की हालत भी बन गई थी.
इसी सदमे और भय के बीच छोटे भाई गणेश राम ने रात में घर से कुछ दूरी पर स्थित एक महुआ पेड़ पर फांसी लगा ली. सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गणेश राम का शव पेड़ से लटकता देखा. जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की. जांच के दौरान गणेश राम की टी-शर्ट पर हाथ से लिखा संदेश मिला. जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी रीना के लिए “रीना मुझे माफ कर देना” लिखा था.
इसे प्राथमिक रुप से सुसाइड नोट माना जा रहा है. परिजनों के मुताबिक, बड़े भाई की मौत के बाद गणेश राम काफी डरे और सहमे हुआ था. उसे आशंका थी कि घटना को लेकर परिवार या गांव में विवाद बढ़ सकता है. शायद इसी मानसिक दबाव और डर की वजह से उसने आत्मघाती कदम उठा लिया.
पुलिस ने दोनों शवों का सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया. प्रारंभिक जांच में बड़े भाई की मौत करंट लगने से होना सामने आया है. जबकि छोटे भाई की मौत फांसी लगाने से हुई है. पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. यह भी जांच की जा रही है कि खेत की फेंसिंग में अवैध तरीके से बिजली प्रवाहित की गई थी या नहीं.
गांव में इस दोहरी त्रासदी के बाद शोक की लहर है. एक ही परिवार के दो बेटों की मौत से परिजन बेसुध हैं. पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि खेतों में फेंसिंग के लिए अवैध तरीके से बिजली प्रवाहित न करें. क्योंकि इससे जानलेवा हादसे हो सकते हैं. फिलहाल प्रेमनगर पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और जरुरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



