चौकी में शराबखोरी पड़ गया भारी, वीडियो वायरल होने के बाद दो पुलिसकर्मी तत्काल निलंबित, एसपी बोले- वर्दी पर दाग बर्दाश्त नहीं
Two policemen were immediately suspended after the video went viral, and the Superintendent of Police (SP) declared that stains on the uniform were unacceptable.
बिलासपुर : सोशल मीडिया में वायरल हुए एक वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया. वीडियो में मोपका चौकी परिसर में दो पुलिसकर्मी शराब सेवन करते दिखाई दे रहे हैं. वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने आरक्षकों संतोष राठौर और धनेंद्र साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए लाइन अटैच कर दिया है. विभाग ने माना कि यह आचरण न सिर्फ सेवा शर्तों का उल्लंघन है बल्कि पुलिस की छवि को भी ठेस पहुंचाता है.
आदेश के मुताबिक थाना सरकंडा को भेजे गए वीडियो की जांच में यह साफ पाया गया कि दोनों पुलिसकर्मी वर्दी में रहते हुए चौकी परिसर में शराब का सेवन कर रहे थे. इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी कार्यालय ने दोनों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की. आदेश में उल्लेख है कि ऐसे कृत्य पुलिस की गरिमा और सार्वजनिक विश्वास को आहत करते हैं.
प्रारंभिक जांच के आधार पर दोनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है और आगे की विभागीय जांच उप पुलिस अधीक्षक (मजदूरी अनुग्रह) को सौंप दी गई है. डीएसपी को निर्देशित किया गया है कि वे सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करें. निलंबन अवधि में दोनों को रक्षित केंद्र भेजा गया है.
इस मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म सर्विस के किसी भी कर्मचारी द्वारा ऐसा अनुशासनहीन और अशोभनीय व्यवहार किसी भी स्थिति में कबूल नहीं किया जाएगा. वर्दी में रहते हुए जिम्मेदारी और आचरण उच्चतम स्तर का होना चाहिए. अगर कोई वर्दीधारी ऐसे कृत्य करेगा तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी.
उन्होंने साफ कहा कि पुलिस का काम कानून-व्यवस्था को कायम रखना है. ऐसे में विभाग की छवि पर दाग लगाने वाले किसी भी कृत्य को किसी भी सूरत में माफ नहीं किया जाएगा.
घटना को विभाग ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए सभी थानों और चौकियों को पुनः निर्देशित किया है कि किसी भी पुलिसकर्मी को ड्यूटी के दौरान या परिसर में शराब सेवन की अनुमति नहीं है. इस तरह के आचरण पर त्वरित निलंबन और विभागीय कार्रवाई तय मानी जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



