शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की लोहे की बसूला से हमला कर उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी, हिरासत में आरोपी पति, जांच में जुटी पुलिस

A man bludgeoned his wife to death with an iron adze after she refused to give him money for alcohol; the incident has sent shockwaves through the area. The accused husband is now in custody, and the police have launched an investigation.

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर पत्नी की लोहे की बसूला से हमला कर उतारा मौत के घाट, इलाके में सनसनी, हिरासत में आरोपी पति, जांच में जुटी पुलिस

बलरामपुर-रामानुजगंज : जिले के कुसमी अनुविभाग अंतर्गत कोरंधा थाना क्षेत्र के ग्राम कर्राडांड में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने कथित तौर पर लोहे की बसूला से वार कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया. खबर मिलने पर कोरंधा पुलिस मौके पर पहुंची और जरुरी कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है.
शराब के पैसों को लेकर हुआ विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक घटना रविवार दोपहर ग्राम कर्राडांड निवासी दीपक लकड़ा ने अपनी पत्नी मृतका अमरावती लकड़ा उम्र 35 साल से शराब पीने के लिए पैसे मांगे. पत्नी द्वारा पैसे देने से इंकार करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद के दौरान गुस्से में आकर दीपक ने घर में रखी टांगी से पत्नी के सिर पर वार कर दिया. हमले में गंभीर चोट लगने की वजह से अमरावती की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए.
मां को बचाने पहुंची बेटी, पिता ने उसे भी दौड़ाया
वारदात के दौरान मृतका की 16 साल की बेटी दीपाली लकड़ा भी घर पहुंची थी. उसने बताया कि वह चर्च गई हुई थी. वापस लौटने पर उसने अपने माता-पिता के बीच विवाद होते देखा और झगड़ा रोकने की कोशिश की. इसी दौरान आरोप है कि उसके पिता ने उसे भी मारने के लिए दौड़ाया. इससे डरकर वह घर के अंदर चली गई.
बेटी के मुताबिक कुछ देर बाद चीख-पुकार सुनकर जब वह बाहर आई तो उसकी मां खून से लथपथ पड़ी हुई थी. मां की हालत देखकर वह घबरा गई और उसने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल कोरंधा पुलिस को खबर दी.
खबर पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वारदात की जानकारी मिलते ही कोरंधा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके का मुआयना किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मामले में मर्ग कायम कर जरुरी कार्रवाई की जा रही है. आरोपी पति दीपक लकड़ा को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
गांव में शोक और दहशत का माहौल
ग्राम कर्राडांड में हुई इस वारदात से ग्रामीणों में शोक और दहशत का माहौल है. पारिवारिक विवाद के दौरान हुई इस कथित हत्या ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. वहीं, घटना की चश्मदीद रही नाबालिग बेटी के सामने यह दर्दनाक हालत आने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
पुलिस जांच जारी
इस मामले में फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी है. वारदात की असल वजह, हालात और अन्य तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb