मानवता को शर्मसार करने वाली घटना, गांव के कुएं में मिली नवजात की लाश, इलाके में डर और चिंता का माहौल, जांच में जुटी पुलिस
An incident that shames humanity: the body of a newborn found in a village well, creating an atmosphere of fear and anxiety in the area, and police investigating.
कबीरधाम : कबीरधाम जिले के पर्यटन क्षेत्र रानीदहरा में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. गांव के पास स्थित एक पुराने कुएं में नवजात शिशु का शव तैरता हुआ मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
मिली जानकारी के मुताबिक बोड़ला थाना क्षेत्र के ग्राम रानीदहरा में सुबह पानी लेने पहुंचे ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा और फौरन पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही बोड़ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत कर नवजात के शव को कुएं से बाहर निकाला गया. शव बाहर निकलते ही ग्रामीणों में स्तब्धता और आक्रोश का माहौल पैदा हो गया. लोगों ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की.
पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले को संदिग्ध मानकर जांच शुरु कर दी है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि नवजात कौन था. उसकी मां कौन है और उसे कुएं में क्यों या कैसे फेंका गया. पुलिस आसपास के गांवों में जन्म से जुड़ी कोई जानकारी या संदिग्ध गतिविधि की तलाश कर रही है.
बोड़ला थाना पुलिस का कहना है कि कुएं की गहराई, शव की हालत और आसपास के क्षेत्रों की जानकारी के आधार पर कई पहलुओं पर जांच की जा रही है. साथ ही हाल के दिनों में किसी महिला की गर्भावस्था या अचानक प्रसव से जुड़ी घटनाओं की भी तलाश की जा रही है. जांच टीम ग्रामीणों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से भी पूछताछ कर रही है.
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ होगी. जिससे जांच आगे बढ़ाई जा सकेगी. वहीं, ग्रामीणों ने इस घटना पर गहरा रोष जताते हुए दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है. रानीदहरा क्षेत्र में इस घटना के बाद से भय और चिंता का माहौल बना हुआ है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



