बेखौफ अपराधियों का सरेराह खूनी खेल, दिनदहाड़े चाय दुकान में युवक पर जानलेवा हमला, पेट में फंसा रहा चाकू, तीन आरोपी फरार
Unafraid criminals resort to bloody acts of sacrilege, a youth is fatally attacked in a tea stall in broad daylight, a knife remains lodged in his stomach, and three suspects are absconding.
अंबिकापुर : शहर के व्यस्ततम चांदनी चौक इलाके में शनिवार की दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई. जब घात लगाए बैठे अपराधियों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया. तीन युवकों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू पेट में लगने से युवक की हालत नाजुक हो गई. उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई. यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक मायापुर क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित एक चाय दुकान पर बौरीपारा निवासी ऋतिक जायसवाल अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था. इसी दौरान स्कूटी में सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे और ऋतिक से विवाद करने लगे. विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया. ऋतिक के दोस्तों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की.
इसी दौरान ऋतिक जायसवाल पर तीन अज्ञात हमलावरों ने अचानक धावा बोल दिया. आरोपियों ने युवक के शरीर पर चाकू से कई वार किए और आखिर में पेट में ही हथियार छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए. सरेआम हुई इस वारदात से समूचे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को खबर किया, जिसके बाद डायल 112 की टीम ने लहूलुहान ऋतिक को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. वर्तमान में घायल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है.
वारदात की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरु की. चश्मदीदों के बयान दर्ज करने के साथ ही पुलिस दुकान और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के रिकॉर्ड खंगाल रही है. ताकि हमलावरों के भागने के मार्ग का सुराग मिल सके.
घायल युवक के दोस्त आनंद गुप्ता ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में सत्यम सोनकर, आयुष और उनका एक अन्य साथी शामिल है. जिन्हें वह पहचानता है. आनंद के मुताबिक पहले किसी बात को लेकर आरोपियों और ऋतिक के बीच विवाद हुआ था. जो अब हिंसक रुप ले बैठा.
इस मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एफआईआर दर्ज कर जांच कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी जब्त कर लिए हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इस घटना के बाद शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटनाओं को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है. उल्लेखनीय है कि हाल ही में अंबिकापुर में एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाली युवती की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
हालांकि हमले वजह का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. लेकिन पुलिस की प्राथमिक जांच की सुई आपसी रंजिश की तरफ घूम रही है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों के नाम चिन्हित किए गए हैं और उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. इस घटना ने शहर की कानून व्यवस्था और व्यस्त इलाकों में सुरक्षा के दावों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



