स्कूटी सवार दो युवकों से लिफ्ट लेना पड़ा भारी, सुनसान जगह पर चाकू दिखाकर प्रोफेसर से 20 हजार नकद और मोबाइल की लूट, दो गिरफ्तार

Taking a lift from two youths on a scooter proved costly, 20 thousand cash and mobile was looted from the professor at knife point in a deserted place, two arrested

स्कूटी सवार दो युवकों से लिफ्ट लेना पड़ा भारी, सुनसान जगह पर चाकू दिखाकर प्रोफेसर से 20 हजार नकद और मोबाइल की लूट, दो गिरफ्तार

जगदलपुर : जगदलपुर शासकीय कॉलेज के एक प्रोफेसर को बालोद जिले में स्कूटी सवार दो युवकों से लिफ्ट लेना भारी पड़ गया. दोनों युवकों ने सुनसान जगह पाकर चाकू दिखाया और प्रोफेसर से 20 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया. पुलिस में इस मामले में 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 9 अप्रैल की रात करीब 10 बजे कुसुमकसा निवासी प्रोफेसर प्रिंस जैन जगदलपुर से अपने घर लौट रहे थे. वे भानुप्रतापपुर होते हुए दल्लीराजहरा पहुंचे थे. लेकिन रात ज्यादा हो जाने और जल्द घर पहुंचने की हड़बड़ी में उन्होंने रास्ते में स्कूटी सवार दो युवकों से लिफ्ट मांग ली. लिफ्ट देने के बहाने दोनों युवक उन्हें लेकर आगे बढ़े और अरमुड़कसा के पास सुनसान खेत के पास बाइक रोक दी.
सुनसान खेत में दोनों आरोपियों ने प्रोफेसर को चाकू दिखाकर 20 हजार रुपये नगद लूट लिया. इसके बाद मोबाइल का लॉक खोलने को कहा. लेकिन इंकार करने पर पीठ पर चाकू और सिर पर पत्थर से हमला किया. डर के मारे प्रोफेसर ने लॉक खोल दिया. जिसके बाद आरोपियों ने मोबाइल से फोन पे के जरिए दुर्ग के एक व्यक्ति को 1500 रुपये ट्रांसफर कर दिया.
तकनीकी सबूतों और ट्रांजेक्शन की जांच के आधार पर दल्लीराजहरा पुलिस ने बालाजी नगर खुर्सीपार (भिलाई) निवासी राजा उर्फ रंजीत सिंह उम्र 32 साल और मीनाक्षी नगर बोरसी (दुर्ग) निवासी विक्की साहू उम्र 25 साल को 24 घंटे के भीतर दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने बताया कि पीड़ित प्रोफेसर के मोबाइल की लोकेशन और बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 1500 रुपये का ट्रांजेक्शन दुर्ग निवासी सुनील मिश्रा के खाते में किया था.
पूछताछ में सुनील ने बताया कि आरोपियों ने अग्रवाल मिष्ठान भंडार का QR कोड भेजकर उससे यह रकम वापस मंगवा ली थी. जब पुलिस मिष्ठान भंडार की जांच करने पहुंची, उसी दौरान एक आरोपी वहां से स्कूटी में गुजरता दिखा. जिसे पकड़ने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया.
एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने जानकारी दी कि घटना के बारे में बीएनएस की धारा 209(6) के तहत जुर्म दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20,000 रुपये नगद, लूटा गया मोबाइल, एक धारदार चाकू और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी नम्बर CG04 LV 3061 जब्त किया. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
 दल्लीराजहरा टीआई टीएस पट्टावी ने बताया कि प्रोफेसर प्रिंस जैन जगदलपुर के शासकीय कॉलेज में पदस्थ हैं और घर जाने की जल्दबाजी में उन्होंने आरोपियों से लिफ्ट ले ली. जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दल्लीराजहरा घूमने आए थे. जिनमें से एक ने अपना ससुराल बालोद बताया. दोनों ही आरोपी दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के रहने वाले, नशे के आदी और आदतन अपराधी हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इनके खिलाफ पहले से कितने आपराधिक मामले दर्ज हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB