पत्नी से झगड़ा कर बेटी को लेकर निकला पति, रायपुर रेलवे स्टेशन में 2 साल की बच्ची को उठा ले गई महिला, CCTV फुटेज आया सामने
A husband quarreled with his wife and left with their daughter; a woman abducted a 2-year-old girl from Raipur railway station; CCTV footage surfaced.
डोंगरगढ़/रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां प्लेटफॉर्म से 2 साल की मासूम बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में एक अज्ञात महिला बच्ची को अपने साथ ले जाती हुई नजर आ रही है। इस घटना ने रेलवे स्टेशन जैसे अति-सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक 21 नवंबर को डोंगरगढ़ की रहने वाली वर्षा ठाकुर और उनके पति प्रशांत भट्ट के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ था. विवाद के बाद गुस्से में पति प्रशांत अपनी दो साल की बेटी अंशिका भट्ट को लेकर घर से निकल गए. 21 नवंबर को वह बच्ची के साथ रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे. प्लेटफॉर्म पर प्रशांत एक ठेले पर समोसा खरीदने के लिए रुके. तभी उनका ध्यान बच्ची से हट गया. इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात महिला ने मौका पाकर बच्ची को उठाया और भीड़ में गायब हो गई.
जब बच्ची वहां नहीं मिली. तो हड़कंप मच गया. रेलवे पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. जिसमें पूरा सच सामने आया. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे पिता की नजर हटते ही एक संदिग्ध महिला बच्ची को अपने साथ ले जा रही है. यह फुटेज अब जांच का मुख्य आधार है.
बच्ची की मां वर्षा ठाकुर ने 24 नवंबर को जीआरपी थाना रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. घटनास्थल के क्षेत्राधिकार के आधार पर अब यह मामला गंज थाने को सौंप दिया गया है. अपनी बेटी के वियोग में मां का बुरा हाल है. वर्षा ठाकुर ने पुलिस और प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि मेरी दो साल की बेटी को एक महिला उठा ले गई है. छह दिन हो गए. अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली. कृपया मेरी बच्ची को ढूंढिए..
गंज थाना पुलिस ने इसे संभावित अपहरण का मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्ध महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है. आसपास के इलाकों में मुखबिरों को सक्रिय कर दिया गया है. संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और डर का माहौल है. भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान से इतनी आसानी से बच्ची का गायब हो जाना पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाता है. लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी महिला को जल्द गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल बरामद किया जाए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



