इलाज में देरी से गर्भवती महिला की गई जान, परिजनों ने जिम्मदारों के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई की मांग, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठ रहे सवाल

A pregnant woman died due to delay in treatment, family demanded strict action against those responsible, questions are being raised about health services

इलाज में देरी से गर्भवती महिला की गई जान, परिजनों ने जिम्मदारों के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई की मांग, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उठ रहे सवाल

गरियाबंद : गरियाबंद जिला में छुरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है. ग्राम खैरझिटी की एक सात महीने की गर्भवती महिला की इलाज में देरी और एंबुलेंस सेवा की लापरवाही के चलते मौत हो गई. इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं मृतिका के गुस्साए परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
परिजनों के मुताबिक विकासखंड छुरा के खैरझिटी गांव निवासी रामरतन ध्रुव की पत्नी ममता बाई ध्रुव उम्र 28 साल को शुक्रवार सुबह पेट में तेज दर्द हुआ. सुबह 9 बजे के करीब परिजनों ने फौरन महतारी एक्सप्रेस 102 सेवा पर कई बार कॉल किया. लेकिन घंटी बजने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुआ. करीब दो घंटे बाद एंबुलेंस पहुंची. तब जाकर ममता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा लाया गया.
अस्पताल पहुंचने के बाद भी ममता को फौरन इलाज नहीं मिल सका. परिजनों ने आरोप लगाया कि ममता अस्पताल पहुंचने के बाद भी जिंदा थी और परिजनों से बातचीत कर रही थी. लेकिन आधे घंटे तक कोई डॉक्टर इलाज के लिए नहीं पहुंचा. जिससे उसकी हालत और ज्यादा नाजुक हो गई.
इस बारे में डॉक्टर डी. एस. निषाद ने कहा कि वे उस समय ओपीडी में मरीजों का इलाज कर रहे थे. जैसे ही इमरजेंसी मरीज की खबर मिली, वे फौरन मौके पर पहुंचे. लेकिन जांच के दौरान महिला मृत पाई गई.
परिजनों ने एंबुलेंस सेवा और चिकित्सकों की लापरवाही को ममता की मौत की वजह बताते हुए उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. इस घटना के बाद स्वास्थ्य सेवाओं की हालत को लेकर क्षेत्र में कई सवाल उठ रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

प्रशासन से मांग
अस्पताल प्रबंधन की भूमिका की जांच हो
102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा हो
दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए
अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाया जाए
फिलहाल घटना की सूचना स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचा दी गई है और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है.