सिपाही ने जबरन किया मारपीट, बंदूक से मारने का आरोप, वीडियो जमकर वायरल, सरेराह युवक की पिटाई करते दिखा जवान, इलाके में तनाव
A soldier allegedly assaulted a man with a gun, and the video went viral, showing a soldier beating a young man in public, causing tension in the area.
दुर्ग : दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस जवान युवक को मारते हुए नजर आ रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे पीड़ित युवक नागेश साहू काम के सिलसिले में भिलाई आया था और पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास अपने साथियों के साथ खड़ा था. इसी दौरान सराफा बाजार की ड्यूटी छोड़कर स्टेशन पहुंचे छावनी थाना के दो सिपाही लव पांडेय और राकेश चौधरी वहां पहुंचे और आसपास मौजूद लोगों को वहां से खदेड़ना शुरू कर दिया.
आरोप है कि इसी दौरान सिपाही राकेश चौधरी ने नागेश साहू पर बंदूक की बट से हमला कर दिया. यह पूरी घटना पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी युवक पर सर्विस राइफल की बट से वार कर रहा है.
इस हमले के बाद इलाके में तनाव है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खाकी वर्दी का यह चेहरा डराने वाला है. रक्षक ही जब हमलावर बन जाए, तो जनता किस पर भरोसा करे? मामले ने जैसे ही तूल पकड़ा, विभाग के उच्च अधिकारियों को सफाई देनी पड़ी. हालांकि, अभी तक जवान पर किसी बड़ी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. लेकिन जांच शुरू कर दी गई है.
दुर्ग जिला में छावनी थाना प्रभारी ने कहा कि “सोशल मीडिया पर वीडियो संज्ञान में आया है. पुलिस अनुशासन के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सीसीटीवी की जांच के आधार पर जवान के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.”
यह मामला महज एक झड़प नहीं है. बल्कि यह पुलिस ट्रेनिंग और उनके मानसिक दबाव के मैनेजमेंट पर सवालिया निशान है. सर्विस वेपन का इस्तेमाल आत्मरक्षा या अपराधियों को पकड़ने के लिए होता है, न कि नागरिकों पर रसूख जमाने के लिए. अगर इस मामले में त्वरित निलंबन या एफआईआर नहीं होती, तो यह विभाग की इमेज को भारी नुकसान पहुंचाएगा. आने वाले दिनों में दुर्ग पुलिस को अपनी खोई हुई साख वापस पाने के लिए ‘कम्युनिटी पुलिसिंग’ पर दोबारा ध्यान देना होगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



