पैसों के विवाद में युवक के गले और सीने पर किया जानलेवा हमला, नाजुक हालत में रेफर, थर्माकोल कटर से वार करने का आरोपी कृष्णा गिरफ्तार

A young man was subjected to a life-threatening attack on his neck and chest following a dispute over money; he has been referred for further treatment in critical condition. The accused, Krishna, has been arrested for the assault, which was carried out using a thermocol cutter.

पैसों के विवाद में युवक के गले और सीने पर किया जानलेवा हमला, नाजुक हालत में रेफर, थर्माकोल कटर से वार करने का आरोपी कृष्णा गिरफ्तार

सक्ती : सक्ती जिला मुख्यालय में युवक पर थर्माकोल पेपर कटर से किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कृष्णा सारथी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पैसों के विवाद को लेकर गुस्से में हमला करने की बात कबूल की है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया खून से सना थर्माकोल पेपर कटर भी बरामद कर लिया है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
स्टेशन इलाके में हुई वारदात
मिली जानकारी के मुताबिक 8 जुलाई की रात सक्ती थाना क्षेत्र के स्टेशन इलाके में आरोपी कृष्णा सारथी और घायल अभय चौहान उर्फ साहिल उर्फ बोंगा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने थर्माकोल पेपर कटर से साहिल पर हमला कर दिया. आरोपी ने साहिल के गले और सीने जैसे संवेदनशील हिस्सों पर लगातार वार किया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. हमले के बाद साहिल किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में कामयाब रहा और पास के एक होटल तक पहुंचा. स्थानीय लोगों ने उसकी हालत देखकर फौरन डायल-112 और पुलिस को खबर दी.
नाजुक हालत में बिलासपुर रेफर
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे पहले जांजगीर रेफर किया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए घायल को बिलासपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज अभी भी जारी है. वारदात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की. घायल की पत्नी की शिकायत पर सक्ती थाना में अपराध क्रमांक 304/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत जुर्म दर्ज कर कार्रवाई शुरू की.
पुलिस ने गठित की विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी सबूत जुटाए और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की. जांच के दौरान पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए. वहीं बिलासपुर में इलाज करा रहे घायल साहिल का कार्यपालिक दंडाधिकारी के जरिए मरणासन्न कथन भी दर्ज कराया गया. बयान में घायल ने कृष्णा सारथी द्वारा थर्माकोल पेपर कटर से हमला किए जाने की पुष्टि की.
पुलिस पूछताछ में आरोपी कृष्णा सारथी ने बताया कि साहिल उससे बार-बार पैसे मांग रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और फिर मारपीट की स्थिति बन गई. आरोपी ने कबूल किया कि गुस्से में आकर उसने साहिल पर जान से मारने की नीयत से हमला किया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया थर्माकोल पेपर कटर बरामद कर लिया. हथियार पर खून के निशान पाए गए हैं. जिसे पुलिस ने जब्त कर जांच के लिए सुरक्षित रखा है.
अदालत ने भेजा जेल
पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी कृष्णा सारथी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. अदालत ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का हुक्म दिया. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?