योग दिवस कार्यक्रम के पोस्टर में फोटो नहीं लगने से भाजपा के विधायक ईश्वर साहू बेदम नाराज़, प्रोग्राम बीच में छोड़ मार दिए कल्टी, अब होगी जांच
BJP MLA Ishwar Sahu was furious over the absence of his photograph on the Yoga Day event poster; he stormed out of the program midway, and an inquiry will now be conducted.
बेमेतरा : योग दिवस के मौके पर जहां लोग अपनी सेहत सुधारने में लगे थे. वहीं छत्तीसगढ़ के एक भाजपा नेता का ‘पारा’ अचानक सातवें आसमान पर पहुंच गया. वजह? योगासन नहीं, बल्कि कार्यक्रम में लगा वो पोस्टर था. जिसमें से उनका चेहरा गायब कर दिया गया था!.
मिली जानकारी के मुताबिक स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योगासन कार्यक्रम में भाजपा विधायक ईश्वर साहू आए थे. आयोजन में फोटो न होने से बिफर पड़े. भाजपा विधायक ईश्वर साहू योग के बाद बाकी कार्यक्रम छोड़ घर चले गए. इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू और साजा विधायक ईश्वर साहू के साथ जिले के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे.
फोटो नहीं लगने से नाराज नेताजी ने ऑन-कैमरा अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि हम हमारे जिले के इकलौते… और यहां आए तो देखा कि पोस्टर में हमारी फोटो ही नहीं है. ये सब हमें नीचा दिखाने के लिए जानबूझकर किया गया है.
“2 घंटे में तो पोस्टर बदल जाता है भाई!”
जब पत्रकारों ने चुटकी लेते हुए पूछा कि इसके पीछे कौन है- प्रशासनिक अधिकारी या अपनी ही पार्टी के बड़े नेता? तो नेताजी ने सस्पेंस बरकरार रखते हुए किसी का नाम तो नहीं लिया. लेकिन उंगली उठाकर बोले, “नाम तो किसी का नहीं लूँगा, लेकिन जिसने भी किया है. जानबूझकर किया है. 2 घंटे में पोस्टर बदला जा सकता था, पर बदला नहीं गया!”
अब होगी ‘पोस्टर कांड’ की हाई-लेवल जांच!
नेताजी इस ‘विजुअल नाइंसाफी’ को सहने के मूड में बिलकुल नहीं हैं. उन्होंने साफ शब्दों में अल्टीमेटम दे दिया कि इस पूरे मामले की जांच वो सीधे ‘ऊपर’ मंत्रियों तक ले जाएंगे और पता लगाकर रहेंगे कि आखिर वो कौन सा ‘सीक्रेट विलेन’ है, जिसके कहने पर उनका चेहरा पोस्टर से गायब हुआ.
अब देखना ये है कि इस ‘पोस्टर पॉलिटिक्स’ की जांच कहां तक जाती है. वैसे जनता का कहना है कि योग दिवस पर ‘अनुलोम-विलोम’ करने आए नेताजी को बिना फोटो के ‘शीर्षासन’ करना पड़ गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



