रेलवे की लापरवाही से यार्ड में पेंटिंग के दौरान करंट से झुलसा युवक, इलाज के दौरान हुई मजदूर की मौत, एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर उठे सवाल
Due to the negligence of the railway, a young man was electrocuted while painting in the yard, the worker died during treatment, and questions were raised about the lack of an ambulance.
कोरबा : कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर 24 नवंबर को दर्दनाक हादसा हो गया था. दुर्घटना राहत वैन पर पेंट का काम कर रहे दो मजदूर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) की अचानक चालू हुई बिजली लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए. इनमें से एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
रेलवे के सी एंड डब्ल्यू (कैरेज एंड वैगन) विभाग की तरफ से राहत वैन को पेंट कराने का काम पिछले एक हफ्ते से चल रहा था. यह काम एक लोकल पेटी ठेकेदार को सौंपा गया था. जिसने स्टेशन के पास बस्ती में रहने वाले युवकों को यह जिम्मेदारी दी थी.
बताया जा रहा है कि इस तरह के काम के दौरान संबंधित लाइन में बिजली का प्रवाह बंद रखा जाता है. लेकिन हादसे वाले दिन विद्युत लाइन अचानक 25 हजार वोल्ट की ओएचई लाइन चालु कर दी गई. जिससे दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए. काम कर रहे युवकों में श्याम चौहान उम्र 25 साल और उसका साथी प्रेमदास शामिल थे. अचानक बिजली आने से दोनों बुरी तरह झुलस गए. श्याम की हालत बेहद नाजुक थी. दोनों को पहले जिला अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया. श्याम की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बाद में भिलाई के प्राइवेट अस्पताल रेफर किया गया. जहां उसकी मौत हो गई.
इस हादसे के बाद रेलवे की बड़ी लापरवाही भी सामने आई. बताया गया कि रेलवे अस्पताल में नई एम्बुलेंस होने के बावजूद झुलसे मजदूर को एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं करवाई गई. इसके बाद आरपीएफ कर्मचारियों ने विभागीय वाहन से घायल श्याम को अस्पताल पहुंचाया.
श्याम चौहान रेलवे स्टेशन के सामने की कॉलोनी का निवासी था. उसकी मां रतनबाई पति की मौत के बाद अनुकंपा नियुक्ति पर रेलवे में कार्यरत हैं. चार भाइयों में श्याम दूसरे नंबर पर था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि राहत वैन पर काम करते समय सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया. स्थानीय लोगों ने मृतक युवक के परिवार को उचित मुआवजा और ठोस कार्रवाई की मांग की है. अब हादसे को लेकर विभागीय जांच शुरु होने की उम्मीद है. ताकि पता चल सके कि लाइन चालू किसने की और निगरानी में चूक कहां हुई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



