प्रधानमंत्री पशु लोन योजना के नाम पर लोगों से 46 लाख की ठगी, एचडीएफसी बैंक फील्ड ऑफिसर विकास और महिला स्टाफ मधु गिरफ्तार

HDFC Bank field officer Vikas and female staff member Madhu arrested for duping people of Rs 46 lakh under the Pradhan Mantri Pashu Loan Yojana.

प्रधानमंत्री पशु लोन योजना के नाम पर लोगों से 46 लाख की ठगी, एचडीएफसी बैंक फील्ड ऑफिसर विकास और महिला स्टाफ मधु गिरफ्तार

दुर्ग/धमधा : धमधा पुलिस ने प्रधानमंत्री पशु लोन योजना के नाम पर ग्रामीणों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में एचडीएफसी बैंक धमधा के फील्ड ऑफिसर विकास सोनी और उसकी सहयोगी महिला स्टाफ मधु पटेल को गिरफ्तार किया गया है. इन दोनों पर आरोप है कि उन्होंने ग्रामीणों को दूध डेयरी और बीमा योजना के नाम पर कम ब्याज दरों पर सब्सिडी वाला लोन दिलाने का झांसा देकर करीब 46 लाख रुपये की ठगी की है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम घोटा निवासी चंद्रिका पटेल ने 24 मई 2024 को इस बारे में रिपोर्ट दर्ज कराई कि परसकोल निवासी मधु पटेल ने बैंक कर्मचारी विकास सोनी के साथ मिलकर ग्रामीणों को प्रधानमंत्री पशु लोन योजना के तहत 10-10 लाख रुपये का लोन दिलाने का लालच दिया. उन्हें बताया गया कि इस योजना में 40% सब्सिडी और बेहद कम ब्याज दर पर लोन मिलेगा.
ग्रामीणों का भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने सिक्योरिटी के नाम पर उनसे तीन-तीन चेकों पर दस्तखत करवाए और बैंक में उनके नाम से खाते खुलवाए. इसके बाद उन्होंने इन्हीं हस्ताक्षरित चेकों का दुरुपयोग कर खातों से लाखों रुपये निकाल लिया. यह रकम बाद में अपने और अपने करीबी रिश्तेदारों व परिचितों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई.
धमधा टीआई युवराज साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक की जांच में 26 खाताधारकों से कुल 45 लाख 92 हजार 250 रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने ग्रामीणों से पहले ही 10% कमीशन के नाम पर एक बड़ी रकम वसूल ली थी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी), 34 (सामान्य इरादा) और 120 (बी) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज किया है. एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि इस धोखाधड़ी में बैंक के ब्रांच मैनेजर और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि अभी और भी धोखाधड़ी के मामले सामने आ सकते हैं, जिसकी जांच जारी है.
इस घटना के बाद से ग्रामीण इलाकों में प्रधानमंत्री पशु लोन योजना को लेकर संशय का माहौल है. पुलिस ने ग्रामीणों से अपील किया कि वे ऐसी किसी भी योजना के झांसे में आने से पहले पूरी जानकारी हासिल करें और किसी भी तरह के संदिग्ध लेन-देन से बचें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t