बच्चों से घरेलू काम कराने वाले हेडमास्टर, शराबी बीएलओ और SIR में लापरवाही पर तीन शिक्षक सस्पेंड, शराब के नशे में पाए गए प्रधानाध्यापक निलंबित

Headmaster who made children do household chores, drunken BLO and three teachers suspended for negligence in SIR, headmaster found drunk suspended

बच्चों से घरेलू काम कराने वाले हेडमास्टर, शराबी बीएलओ और SIR में लापरवाही पर तीन शिक्षक सस्पेंड, शराब के नशे में पाए गए प्रधानाध्यापक निलंबित

बच्चों से घरेलू काम कराने वाले हेडमास्टर सस्पेंड

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में शराब पीकर स्कूल आने वाले, छात्राओं से अश्लीलता पूर्ण तरीके से बातचीत कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले और विद्यालय के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों से अपशब्दों का प्रयोग और गाली गलौज करने वाले प्रधान पाठक गणेश राम को सस्पेंड किया गया है.
प्रधान पाठक पर आरोप है कि छात्राओं के उत्पीड़न के अलावा वह उन्हें घर बुलाकर काम भी करवाते थे और उनसे कपड़े भी धुलवाते थे. प्रधान पाठक गणेश राम चौहान के खिलाफ स्कूल की शिक्षिकाओं को भी बस्तर ट्रांसफर करवाने की धमकी देने का आरोप है. इस मामले में छात्राओं की लिखित शिकायत के बाद जांच भी हो चुकी थी. जांच रिपोर्ट पेश होने के बावजूद एक पखवाड़े तक कार्यवाही नहीं होने से आक्रोश बढ़ रहा था. जिसके चलते अब प्रधान पाठक के निलंबन की कार्यवाही की गई है. जशपुर जिले के अंतिम छोर में पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत सुरंगपानी स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक गणेश राम चौहान पर दो दर्जन से ज्यादा नाबालिग आदिवासी छात्राओं ने उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया था. शिक्षिकाओं से दुर्व्यवहार शराब के नशे में विद्यालय आने की भी शिकायत हुई थी.
संस्था में अध्ययनरत छात्राओं द्वारा की गई लिखित शिकायत और बयानों में रोंगटे खड़े कर देने वाले तथ्य सामने आए थे. पीड़ित दर्जनों छात्राओं और इसके साथ ही वहां पदस्थ दो महिला शिक्षिकाओं ने भी दुर्व्यवहार व मानसिक रुप से आहत करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.
इस मामले को लेकर बालिकाओं सहित शिक्षिकाओं ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरंगपानी के प्राचार्य तुलाराम दिनकर को लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की. इसके बाद प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी व पत्थलगांव ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने लिखित शिकायत पत्र जारी किया.
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बीईओ ने टीम गठित कर इसकी जांच की. जांच टीम ने बालिकाओं सहित संस्था की महिला शिक्षिकाओं का बयान लिया. बालिकाओं ने अपने बयान में बताया कि प्रधान पाठक गणेश राम चौहान अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं. अध्यापन के दौरान वे शिक्षा देने के बजाए टिप्पणियां कर दुर्व्यवहार करते हैं. आरोप यह भी है कि प्रधान पाठक छात्राओं को अपने घर बुलाकर उनसे कपड़े साफ कराते हैं. इतना ही नहीं, विरोध करने या बात न मानने पर उन्हें स्कूल में ही दुर्व्यवहार किया जाता है. वहीं छात्रों ने भी दिए बयान में बताया कि प्रधान पाठक गणेश राम चौहान शराब के नशे में धुत होकर क्लास लेने आते है. उनके मुंह से शराब की गंध आती हैं. कुछ बात करने पर उल्टा धमकाते है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t

शराबी बीएलओ सस्पेंड

बस्तर/बकावंड : विकासखंड बकावंड की प्राथमिक शाला खम्मेश्वरपारा राजनगर के प्रधान पाठक एवं एसआईआर कार्य के बीएलओ स्वतंत्र अवस्थी को शराब के नशे में एसडीएम से दुर्व्यवहार करने और एसआईआर कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है. यह कार्रवाई एसडीएम की अनुशंसा पर की गई है.
एसडीएम बकावण्ड के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बीएलओ स्वतंत्र अवस्थी ने शराब पीकर एसडीएम के साथ अमर्यादित व्यवहार किया था. अवस्थी का डॉक्टरी मुलाहिजा कराए जाने पर मेडिकल रिपोर्ट में उनका शराब पीना प्रमाणित पाया गया है. शासकीय मतदाता डिजिटलाइजेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्य के दौरान शराब के नशे में उपस्थित रहने संबंधी गंभीर शिकायत के आधार पर संबंधित स्वतंत्र अवस्थी, बीएलओ एवं प्रधानपाठक प्राथमिक शाला खम्मेश्वरपारा राजनगर को सिविल सेवा आचरण नियम के उल्लंघन का प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड दरभा होगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t

SIR में लापरवाही पर तीन शिक्षक सस्पेंड

बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर तीन शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है. 
विकासखंड पलारी की शासकीय प्राथमिक शाला बम्हनी में पदस्थ सहायक शिक्षक एलबी प्रितम कुमार ध्रुव द्वारा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान गणना पत्रक वितरण और वापसी के पश्चात ऑनलाइन एंट्री का कार्य नहीं किया गया. इसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी पलारी में नियत किया गया है.
इसी तरह विकासखंड भाटापारा की शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भाटापारा में पदस्थ शिक्षक अजय प्रकाश बंजारे और शासकीय प्राथमिक शाला निपनिया में पदस्थ सहायक शिक्षक द्रोपति ध्रुव को एसआईआर कार्य में लापरवाही और उच्च कार्यालय द्वारा दिए गए आदेशों की अवहेलना के कारण सस्पेंड कर मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी भाटापारा में नियत किया गया. यह कार्रवाई लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 13 ख (2) और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन के आधार पर की गई है.
इसके साथ ही, निलंबन की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966, नियम 9(1) के खण्ड (क) के तहत पूरी की गई. निलंबन अवधि के दौरान नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता शिक्षक को मिलेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t