पीडब्ल्यूडी का एसडीओ बताकर नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी, पुलिस ने दो आरोपी फर्जी SDO विजय और सहयोगी एनोस दास को किया गिरफ्तार
Lakhs of rupees were defrauded in the name of getting a job by pretending to be a PWD SDO, police arrested two accused fake SDO Vijay and his associate Enos Das
रायपुर : रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिसमें खुद को पीडब्ल्यूडी का एसडीओ बताकर नौकरी लगाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी हीरालाल राजवाड़े ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी विजय कुमार यादव उर्फ विवेक कुमार यादव ने अपनी चारपहिया वाहन में "पी.डब्ल्यू.डी. छ.ग. शासन" लिखवाकर खुद को लोक निर्माण विभाग का एसडीओ बताया. आरोपी ब्लॉक पोड़ी, कोरबा स्थित एक स्कूल के निरीक्षण के बहाने वहां पहुंचा और निरीक्षण के बाद बताया कि सब इंजीनियर वर्ग-1 और वर्ग-2 की आदिवासी और पिछड़ा वर्ग की सीटें खाली हैं. इसके बाद आरोपी ने हीरालाल को नौकरी लगाने का झांसा दिया.
आरोपी की बातों में आकर हीरालाल ने अलग-अलग किश्तों में रायपुर के घड़ी चौक के पास 4 लाख रुपये आरोपी को दे दिया. इसके बाद आरोपी ने अपने साथी एनोस दास के जरिए फर्जी नियुक्ति प्रमाणपत्र भी दिया. लेकिन बाद में न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 155/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 318(4), 336(3), 340(1) एवं 340(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की गई. पूछताछ में आरोपी विजय कुमार यादव ने अपने साथी एनोस दास के साथ मिलकर ठगी की घटना को अंजाम देना कबूल किया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरु कर दी है.
इस कार्रवाई में थाना सिविल लाइन से उप निरीक्षक पियुष बघेल, आरक्षक दीपक सेन, महेन्द्र वर्मा, सुनील चंदेल और रघुवीर ठाकुर की अहम भूमिका रही. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि कहीं और भी लोग इन आरोपियों की ठगी का शिकार तो नहीं हुए हैं.
आरोपी
विजय कुमार यादव उर्फ विवेक कुमार यादव उम्र 39 साल निवासी खीरकी महेंद्रगढ़, हाल निवासी दलदल सिवनी, थाना पंडरी मोवा, रायपुर
एनोस दास उम्र 52 साल निवासी विनोबा भावे नगर, इंद्रावती कॉलोनी, राजातालाब, थाना सिविल लाइन, रायपुर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



