भाठागांव शराब दुकान बंद करने कलेक्टर को दिया ज्ञापन -प्रदेश कांग्रेस कमेटी महामंत्री कन्हैया अग्रवाल, दी आंदोलन की चेतावनी
Memorandum given to the collector to close the Bhatgaon liquor shop - State Congress Committee General Secretary Kanhaiya Agarwal, warned of agitation
रायपुर : भाठागांव की शराब दुकानें, अहाता बंद करने और दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में गांजा सट्टा के फैलते अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में कलेक्टर से भेंट कर ज्ञापन दिया गया.
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड के पार्षद प्रत्याशी रहे ब्रह्मा सोनकर ने कहा कि रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड और भक्त माता कर्मा वार्ड में स्थित देशी विदेशी शराब दुकान को लेकर क्षेत्र की जनता उद्वेलित है. भाठागांव बस्ती में स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास और भक्त माता कर्मा वार्ड में वालफोर्ट सिटी के पास मुख्य मार्ग में शराब दुकान के साथ चखना सेंटर खोले गए हैं. मुख्य मार्ग की शराब दुकान के कारण सर्विस रोड और रिंग रोड दोनों में यातायात प्रभावित होता है. आए दिन आपराधिक घटनाएं होती हैं. शराब दुकान की वजह से बगल में ढाबा शुरु हो गया है. जो देर रात तक खुला रहता है.
अग्रवाल ने कहा कि उपरोक्त शराब दुकानों और चखना सेंटर की वजह से आसपास का पूरा वातावरण अशांत हो गया है. रिंग रोड किनारे सर्विस रोड पूरी तरह से शाम के समय जाम रहने लगी है. शराब दुकान से लगकर सोनकर पारा, आनंद नगर, ब्रह्मदेव कॉलोनी, दंतेश्वरी मंदिर, वॉलफोर्ट सिटी, आस्क सिटी, साहू पारा, बृज विहार कॉलोनी, BSUP, स्वामी आत्मानंद स्कूल सहित दर्जनों कालोनियां और अन्य बस्तियां हैं. जिसमें गुजरते समय क्षेत्र के नागरिक खासतौर पर महिलाएं भयभीत रहती हैं.
उन्होंने कहा कि शराब दुकानों के आसपास मारपीट, गाली गलौच और चाकूबाजी की घटना आम बात हो गई है. उपरोक्त दोनों दुकानों को हटाने के लिए पहले भी क्षेत्र के नागरिकों के साथ धरना प्रदर्शन सहित अन्य आंदोलन किया जा चुका है. क्षेत्रीय नागरिकों की भावनाओं के अनुरुप एवं नेशनल हाईवे के फैसले के मुताबिक शराब दुकान तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला लिया जाए.
कलेक्टर को सौंपे एक और ज्ञापन में कालीबाड़ी (गांधीनगर), नेहरू नगर, संतोषी नगर, संजय नगर, ब्रह्मपुरी, चगोराभाठा आदि क्षेत्र में लगातार बढ़ते नशा के कारोबार पर रोक लगाने के साथ ही गांजा और सट्टा का काम करने वाले लोगों के द्वारा नाबालिग बच्चों के को अपराध के क्षेत्र में धकेलने पर चिंता व्यक्त करते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई.
उल्लेखनीय है कि सट्टा ,गांजा ,अवैध शराब, जुआ खिलाने के धंधे में कब्जे को लेकर आए दिन मारपीट, चाकू बाजी, हत्या जैसी घटनाएं हो रही है. उसके बावजूद अवैध धंधों पर रोक नहीं लगना इनको संरक्षण मिलना चिंतनीय है.
उन्होंने कहा कि इस बारे में आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के नागरिकों के साथ बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा. ज्ञापन देने गए प्रतिनिधि मंडल में प्रमुख रुप से कन्हैया अग्रवाल, ब्रह्मा सोनकर, सुरेश बाफना, शरद गुप्ता, राजेश त्रिवेदी, देवेंद्र पवार, खेम सोनकर शामिल थे
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



