सास और दामाद की हत्या, बेटी गंभीर, विजयादशमी के दिन डबल मर्डर से इलाके में सनसनी, पुलिस की हिरासत में परिवार के तीन सदस्य

Mother-in-law and son-in-law murdered, daughter critical, double murder on Vijayadashami day sensationalized the area, three family members in police custody

सास और दामाद की हत्या, बेटी गंभीर, विजयादशमी के दिन डबल मर्डर से इलाके में सनसनी, पुलिस की हिरासत में परिवार के तीन सदस्य

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से विजयादशमी के दिन डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम रायकेरा में एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या कर दी गई. मृतक सास और दामाद हैं. इनकी लाशें घर के अंदर पाई गई. जबकि परिवार की एक महिला गंभीर रुप से घायल मिली. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक घरघोड़ा थाना क्षेत्र के रायकेरा गांव में एक ही परिवार के सास सुकमेत सिदार उम्र 80 साल और दामाद लक्ष्मण सिदार उम्र 60 साल की गला दबाकर हत्या कर दी गई. वहीं सुकमेत की बेटी गंभीर रुप से घायल मिली. जिसे फौरन इलाज के लिए टिंगनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है. और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
खबर मिलते ही घरघोड़ा थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घर में मिले सबूतों और घटनास्थल की हालत को देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका को मजबूत माना है. प्राथमिक जांच में पाया गया है कि वारदात गुरुवार देर रात की है. फिलहाल पुलिस ने मृतक लक्ष्मण सिदार के बेटे और गांव के ही एक पड़ोसी को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है. दोनों की हत्या गला दबाकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
इस दोहरी हत्या के पीछे जमीन मुआवजा विवाद मुख्य वजह हो सकती है. हाल ही में बुजुर्ग महिला सुकमेत सिदार को एनटीपीसी से जमीन अधिग्रहण के एवज में मुआवजा की रकम मिली थी. बताया जा रहा है कि इस रकम को लेकर परिवार में लगातार विवाद चल रहा था. पुलिस को शक है कि इसी विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया.
जानकारी के मुताबिक मृतक लक्ष्मण सिदार शादी के बाद से ही अपने ससुराल यानी सुकमेत सिदार के घर में रह रहा था. उसका एक बेटा और दो बेटियां हैं. परिवार के अंदर लंबे समय से पैसों और संपत्ति को लेकर तनाव की हालत बनी हुई थी. ग्रामीणों का कहना है कि मुआवजे की रकम आने के बाद यह विवाद और गहरा गया था.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की वजह और साफ हो जाएगी. अभी तक मामले में किसी को औपचारिक रुप से गिरफ्तार नहीं किया गया है. लेकिन परिवार के तीन सदस्यों को हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ की जा रही है. और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t