देवभोग-अमलीपदर में भूकंप के तेज झटके, लोगों में दहशत का माहौल, हिलने लगी जमीन, घरों से बाहर भागे ग्रामीण, कालाहांडी तक असर की आशंका

Strong earthquake tremors in Devbhog-Amalipadar, panic grips residents; ground shakes, villagers flee homes; impact feared as far as Kalahandi

देवभोग-अमलीपदर में भूकंप के तेज झटके, लोगों में दहशत का माहौल, हिलने लगी जमीन, घरों से बाहर भागे ग्रामीण, कालाहांडी तक असर की आशंका

गरियाबंद : गरियाबंद जिले के उड़ीसा सीमा से लगे देवभोग क्षेत्र में बुधवार रात अचानक आए भूकंप के झटकों ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. निष्टिगुड़ा के पास सुपेबेड़ा इलाके में जैसे ही धरती कांपी. लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. मिली जानकारी के मुताबिक कि झटके इतने तेज थे कि जिंदगी में पहली बार ऐसा अनुभव हुआ.
देवभोग में देर शाम से मौसम का मिजाज बदला हुआ था. बारिश के बाद आसमान में बिजली चमक रही थी. लेकिन इसी बीच बुधवार शाम करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच पूरे इलाके में झटका महसूस किया गया. तीव्रता इतनी थी कि जमीन पर रखी वस्तुओं में कंपन देखा गया. किसी धमाके जैसी आवाज के साथ हुई इस हलचल से इलाके भर के लोग घबरा गए.  स्थानीय सोशल मीडिया पर संभावित भूगर्भीय घटना की चर्चा भी तेज हो गई. देवभोग के अलावा मैनपुर विकासखंड अमलीपदर तहसील क्षेत्र में भी इस कंपन को महसूस किया गया.
देवभोग और आसपास के गांवों में कुछ सेकंड तक महसूस हुए इन झटकों से घरों में रखे बर्तन और सामान तक हिलने लगे. जिससे लोगों को स्थिति की गंभीरता का अंदाजा हुआ. देखते ही देखते गांवों में अफरा-तफरी मच गई. बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं खुले मैदानों में इकट्ठा हो गए और अपने परिजनों से फोन पर संपर्क करने लगे. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मापी गई. इस कुदरती हलचल का केंद्र ओडिशा का कालाहांडी जिला रहा. जिसकी गहराई जमीन से 24 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई.
देवभोग के साथ ओड़ीसा सीमा से लगे मैनपुर इलाके में तेज आवाज के साथ हुए जमीन के कंपन से लोग सहम गए. रात 7:42 बजे करीब 3 सेकेंड तक कंपन महसूस किया गया. पड़ोसी राज्य ओडिशा में इसका असर ज्यादा रहा. तीव्रता मध्यम होने के बावजूद, ओडिशा की सीमा से लगे गरियाबंद में इसके झटके महसूस किए गए.
हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर सामने नहीं आई है. प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम सतर्क हो गई है और लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. लोगों से अपील की जा रही है कि अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में फौरन खबर दें.
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक इस भूकंप का असर उड़ीसा के कालाहांडी क्षेत्र तक महसूस किया गया है. भले ही झटके कुछ समय के लिए थे. लेकिन इस घटना ने ग्रामीणों के मन में डर जरूर बैठा दिया है. भूकंप की तीव्रता 4.1 होने के कारण इमारतों को बड़े नुकसान का खतरा कम रहता है. हालांकि सीमावर्ती गांवों में कच्ची दीवारों में हल्की दरारे पड़ने की आशंका है.
तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा कि दूरभाष के माध्यम से तहसील भर में कंपन की खबर मिली है. विधिवत इसे उच्च अधिकारियों को अवगत कराकर मामले को भूगर्भ विशेषज्ञों तक पहुंचाकर इसका अध्ययन कराया जाएगा.
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. विशेषज्ञों का कहना है कि अगर झटके दोबारा महसूस हों तो भारी वस्तुओं से दूर रहें और फौरन सुरक्षित खुले स्थान पर चले जाएं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t