तेज रफ्तार का कहर, मारुति कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, नर्स गंभीर रूप से घायल, ड्राइवर मौके से फरार, गाड़ी जप्त, जांच में जुटी पुलिस

The havoc of high speed, Maruti car hits scooter, nurse seriously injured, driver flees from the spot, vehicle seized, police engaged in investigation

तेज रफ्तार का कहर, मारुति कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, नर्स गंभीर रूप से घायल, ड्राइवर मौके से फरार, गाड़ी जप्त, जांच में जुटी पुलिस

धमतरी/मगरलोड : धमतरी जिले में विकासखंड मगरलोड क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने स्वास्थ्य विभाग समेत पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. राजपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्टाफ नर्स रुद्राणी निषाद उस वक्त गंभीर रूप से घायल हो गईं. जब वे अपने काम के सिलसिले में मेघा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित एक बैठक में शामिल होने जा रही थीं.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम राजपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ स्टाफ नर्स रुद्राणी निषाद अपनी स्कूटी नम्बर CG04 NO 2650 से मेघा की तरफ जा रही थीं. इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक मारुति कार नम्बर CG23 H 9312 ने लापरवाहीपूर्वक उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और नर्स रुद्राणी निषाद मौके पर ही बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ीं.
हादसे के फौरन बाद आसपास के लोगों ने इंसानियत का परिचय देते हुए घायल नर्स को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. लेकिन सिर और पैर में गंभीर चोटों को देखते हुए उनकी हालत नाजुक पाई गई. जिसके चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया.
इस बारे में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शारदा ठाकुर ने बताया कि नर्स को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर करना जरुरी था.
वहीं हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया. जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. उक्त कार किसी मोहदी निवासी की बताई जा रही है. हादसे में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.
वही मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर शारदा ठाकुर ने स्टाफ नर्स रुद्राणी निषाद की सिर और पैर में गंभीर चोट होने की वजह से धमतरी जिला अस्पताल रिफर करने की बात कही.
हादसे की खबर स्वास्थ्य केंद्र द्वारा पुलिस को मेमो के जरिए दे दी गई है. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है.
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग किया कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाया जा सके.
मगरलोड में हुए इस हादसे ने न सिर्फ एक जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी को घायल किया. बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है. अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और फरार ड्राइवर को कब तक पकड़ पाती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t