लोन दिलाने का झांसा देकर म्यूल एकाउंट उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश जारी, 69 लाख रुपये खातों में ट्रांजेक्शन
Two accused arrested for providing mule accounts on the pretext of getting loans, search for other accused continues, transaction of Rs 69 lakh in accounts
रायगढ़ : रायगढ़ पुलिस ने साइबर अपराध के लिए म्यूल एकाउंट उपलब्ध कराने वाले एक और संगठित गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सक्ती जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में शिवाजी चन्द्रा और जितेश चन्द्रा शामिल हैं, जो माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से लोन दिलाने के बहाने जरुरतमंदों से बैंक खाते खुलवाते और फिर उन खातों को साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह में पांच अन्य सदस्य शामिल हैं. जो फर्जी सिम कार्ड और अकाउंट खुलवाते थे. जिनकी तलाश की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय साइबर अपराध “समन्वय पोर्टल” के जरिए म्यूल खाताधारकों के खिलाफ कार्यवाही के लिए उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल रायगढ़ को प्रतिवेदन मिला था. डीएसपी साइबर अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन पर थाना कोतवाली द्वारा की गई जांच में रायगढ़ के विभिन्न बैंक खातों में साइबर धोखाधड़ी से मिले 69 लाख 18 हजार 979 रुपये जमा होना पाया गया.
इन रकम को अलग-अलग राज्यों - उत्तर प्रदेश, दिल्ली, केरल, कर्नाटका और महाराष्ट्र में भेजे गये थे. इन खातों में गये 5 लाख 22 हजार 798 रुपए को होल्ड कराया गया. धोखाधड़ी को लेकर कल थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 446/2025 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 111, 3(5) वी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया.
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य पैसों की तंगी वाले लोगों को माइक्रो फाइनेंस कंपनियों में टारगेट करते थे और उन्हें मामूली रकम देकर बैंक खाते खुलवाने, खाता किट और सिम कार्ड अपने पास रखने के लिए राजी कर लेते थे. गवाहों के बयान के बाद जांच में पुलिस छापेमारी कर आरोपी शिवाजी चन्द्रा और जितेश चन्द्रा तक पहुंची.
जिसने पूछताछ करने पर उन्होंने गिरोह का खुलासा कर बताया कि वे हर खाते के एवज में करीब 10,000 मिलता था.. जो उन्हें फोनपे या नकद दिए जाते थे. आरोपी शिवा चन्द्रा ने अब तक करीब डेढ़ लाख रुपये कमाने की बात कबूल की. जिसे वह खाने-पीने में खर्च कर चुका है. आरोपियों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड पुलिस ने जप्त कर लिए हैं. और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने गिरोह के अन्य पांच सदस्यों के नाम उजागर किए हैं. जो फर्जी सिम उपलब्ध कराने और बैंक खाते खुलवाने का काम करते थे. पुलिस अब इनकी तलाश में जुटी हुई है.
इस कार्रवाई में एसपी श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, डीएसपी साइबर सेल अनिल विश्वकर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, दिलीप बेहरा और साइबर सेल के धनंजय कश्यप, प्रशांत पण्डा, पुष्पेंद्र जाटवर, मेनका चौहान, नवीन शुक्ला, रविन्द्र गुप्ता, प्रताप बेहरा और थाना कोतवाली आरक्षक कमलेश यादव की अहम भूमिका रही.
गिरफ्तार आरोपी
01. जितेश कुमार चन्द्रा पिता स्व अर्जुन सिंह चन्द्रा उम्र 23 साल निवासी चन्देलाडीह थाना मालखरौदा जिला सक्ती (छग)
02. शिवाजी चन्द्रा पिता लक्ष्मी प्रसाद चन्द्रा उम्र 28 साल निवासी डभरा सिदार पारा जिला सक्ती (छग)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



