धमतरी गाड़ापारा में गोमांस काटने का आरोप, 86 किलो संदिग्ध मांस बरामद, जांच में जुटी पुलिस, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार, आरोपी फरार, तनाव का माहौल
Allegation of beef slaughter in Dhamtari's Gadapara; 86 kg of suspected meat seized; police investigating and awaiting forensic report; accused absconding; tense atmosphere.
धमतरी : धमतरी गोवंश का आरोप गुरुवार को पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया. जब शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत साल्हेवार पारा स्थित गाड़ापारा में गोवंश कटाई और मांस बिक्री की आशंका को लेकर भारी हंगामा खड़ा हो गया. खबर मिलते ही हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी तादाद में मौके पर पहुंचे तथा विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक धमतरी संदिग्ध गोवंश मामला में मौके से करीब 86 किलोग्राम संदिग्ध मांस बरामद किया गया. वहीं पास स्थित तालाब के किनारे पशु अवशेष और खाल मिलने की भी जानकारी सामने आई है.
आक्रोशित लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पिछले कई हफ्ते से गोवंश कटाई की गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं. संगठन के पदाधिकारियों ने संतराम बघेल नामक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई गई है.
मौके पर पहुंचे जिला पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने बरामद मांस का परीक्षण कर वजन किया और आवश्यक नमूने सुरक्षित किए. पशु चिकित्सकों के मुताबिक सैंपल को वैज्ञानिक जांच के लिए हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ़ हो पाएगा कि बरामद मांस किस पशु का है.
जिला पशु चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. मयंक पटेल ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मिलने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जा सकेगा. वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि मामले में नामजद आरोपी फिलहाल फरार है. जिसकी तलाश जारी है.
इस बीच हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. फिलहाल धमतरी गोवंश मामला की जांच जारी है और पूरे जिले की निगाहें फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



